ट्रेनों के कोचों में सुधार के लिए पूसीरे की पहल - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

ट्रेनों के कोचों में सुधार के लिए पूसीरे की पहल


गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) ने ट्रेन के कोचों के अंदर यात्री सुविधाओं के विभिन्न मानदंडों में सुधार के लिए कई पहल की है। इस पहल का मकसद ट्रेन यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा के प्रावधान के साथ सुंदर परिवेश प्रदान करना है। इसके तहत कोचों के अंदर मनोरम डिजाइन की गई फीटिंग, पैनल एवं उन्नत शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है। सभी सुधार रेल बोर्ड ने दिशानिर्देशों के अनुसार हो रहा है। पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पीजे शर्मा ने गुरुवार को बताया कि इस पहल के तहत पूसीरे ने जोन द्वारा रख-रखाव की जाने वाली सभी एसी एवं गैर एसी कोचों के प्रसाधनों में कूड़ेदानों का प्रावधान किया जा चुका है। चरणबद्ध प्रारूप में दरवाजों के निकट भी कूड़ेदानों का प्रावधान किया जाएगा। सभी एसी एवं नॉन एसी कोचों के प्रसाधनों में चोरी रोधी चेन के साथ स्टेनलेस स्टील मगों का प्रावधान किया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि मगों की चोरी हो जाने के कारण प्रसाधनगारों के इस्तेमाल करते समय यात्रियों को प्रायः परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सभी 100 प्रतिशत एसी कोचों तथा सभी नॉन एसी कोचों के पश्चिमी शैली के शौचालयों में बदबू कम करने के लिए हेल्थ फॉसट का भी प्रावधान किया गया है।


पूसीरे द्वारा संचालित सभी 62 जोड़ी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में ओबीएचएस (ऑन बोर्ड हाउस कीपिंग सर्विस) के अधीन कोच मित्र का प्रावधान किया गया है। भारतीय रेल की करीब 975 जोड़ी ट्रेनों में यह सेवा उपलब्ध है। एक दिन में दो बार कोचों की निर्धारित सफाई के अलावा ट्रेन के परिचालन के दौरान सिर्फ एक एसएमएस भेज कर कोचों की गैर निर्धारित सफाई की सुविधा ओबीएचएस सेवा द्वारा प्रदत्त किया जाता है। ट्रेन यात्रा के दौरान कोच मित्र की सेवा का लाभ उठाने के लिए कोई भी यात्री 58888 पर sms CLEAN<space><PNR no> भेज सकते हैं।


ट्रेन यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वच्छ और धुले हुए लॉन्ड्री सामग्रियां प्रदान करने के उद्देश्य से पूसीरे के तीन विभागीय यांत्रिक लॉन्ड्रियां हैं, जो विभिन्न स्थानों पर संचालित है। वे डिब्रूगढ़, गुवाहाटी एवं न्यू जलपाईगुड़ी में स्थित हैं। यांत्रिक धुलाई यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए बेहतर एवं उन्नत गुणवत्ता वाले स्वच्छ लीनेनों का सुनिश्चित करती है। इसके परिणाम स्वरूप यात्रियों की लीनेन संबंधी शिकायतों में काफी कमी आई है। उल्लेखनीय है कि मंद दृष्टि वाले यात्रियों की सहायता के लिए सभी कोचों में साइनेज सुपरइम्पोज्ड के साथ ब्रेल लिपि का प्रावधान किया जा रहा है, जबकि नए मॉडल कोचों में ब्रेल साइनेज स्थापित कर संचालित किया जा रहा है। सभी यात्री हितैषी पहल ट्रेन यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने में सक्षम होगी। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें