गुवाहाटी। देश विरोधी बयान देने वाले शरजील इमाम को गुवाहाटी लाकर पूछताछ करने के लिए असम पुलिस की क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त उप आयुक्त नवनीत महंत गत 10 दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। भारत से असम को अलग करने संबंधी बयान देने वाले वामपंथी नेता शरजील इमाम को शुक्रवार को गुवाहाटी लाए जाने की संभावना है। बताया गया है कि प्रोटेक्शन वारंट के जरिए दिल्ली पुलिस शरजील इमाम को असम पुलिस के सौंपेगी। इसके बाद उसे विमान के जरिए असम पुलिस गुवाहाटी लेकर आएगी। ज्ञातव्य है कि शरजील जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग का शोधार्थी है। वह आईआईटी मुंबई का पूर्व छात्र है। उसने आईआईटी की शिक्षा पूरी करने के पश्चात कुछ समय तक कोपेनहेग में नौकरी भी की है। भारत से असम को अलग करने संबंधी बयान देने के पश्चात असम, दिल्ली, बिहार, मणिपुर और अरुणाचल की पुलिस ने उसके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया है। गत 28 जनवरी को दिल्ली पुलिस ने शरजील को बिहार के जहानाबाद जिले से गिरफ्तार किया था। वर्तमान में दिल्ली पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। (हि.स.)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें