विश्व व्यापी जैन सामायिक उत्सव व जप अनुष्ठान आयोजित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

विश्व व्यापी जैन सामायिक उत्सव व जप अनुष्ठान आयोजित



गुवाहाटी। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् द्वारा अपनी शाखा परिषदों के माध्यम से विश्वस्तरीय जैन सामायिक उत्सव का आयोजन रविवार 3 जनवरी  प्रातः 9 से 10 बजे तक 1 घंटे के लिए किया गया। इसके अंतर्गत सकल जैन समाज ने विश्व शांति एवं समता की साधना हेतु अपने धर्म संघ की आराधना पद्धति व विधि अनुसार अपने निवास स्थलों, जैन मंदिर परिसरो, जैन स्थानकों, सभा भवनों आदि में एक ही दिन, एक ही समय नमस्कार महामंत्र जप अनुष्ठान के साथ सामायिक आराधना कर सामायिक फेस्टिवल में सहभागिता निभाई।


इस क्रम में तेरापंथ युवक परिषद्, गुवाहाटी के अंतर्गत इस महाआयोजन में स्थानीय तेरापंथ समाज के साथ श्री दिगंबर जैन पंचायत, श्री जैन श्वेतांबर मंदिर मार्गी संघ, श्री साधुमार्गी जैन श्रावक संघ एवं श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के श्रावकों ने अपनी सहभागिता प्रदान की।


सामायिक उत्सव संयोजक व तेयुप के सहमंत्री (द्वितीय)  संदीप भादानी ने बताया कि कोविड 19 एवं श्रावक श्राविकाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार तेरापंथ धर्मस्थल के अलावा कुछ अन्य केन्द्र बनाए गए थे जिनमे जैन भवन, श्री दिगम्बर जैन मन्दिर, श्री जैन श्वेताम्बर पार्श्वनाथ मंदिर, समता भवन, आस्था प्रेस्टीज (फाटाशील), सिग्नेचर स्टेट (इन्फिनिटी), सूर्य वाटिका, शुभम इलाइट एवं उत्सव गार्डन (स्टील हाउस) प्रमुख थे जहां एक ही समय एक साथ सामायिक फेस्टिवल का आयोजन हुआ। इसके अलावा अच्छी संख्या में श्रावकों ने घरों में रहकर भी सामायिक साधना की। इस आयोजन में लगभग 400 लोगों ने सामायिक एवं नमस्कार महामंत्र का जप किया।


तेरापंथ युवक परिषद् , गुवाहाटी के अध्यक्ष  विरेन्द्र सेठिया एवं मंत्री  निर्मल बैद ने स्थानीय तेरापंथ की संस्थाओं के साथ जैन समाज की सभी संस्थाओं, विभिन्न अपार्टमेंट एवं सोसायटी द्वारा मिले सहयोग एवं सहभागिता हेतु पूरे श्रावक समाज का आभार ज्ञापन किया।


ज्ञात हो कि वर्ष 2020 में 5 जनवरी को विश्वस्तरीय जैन सामायिक फेस्टीवल का आयोजन किया गया था जिसमें पूरे विश्व मे एक साथ तकरीबन 1.25 लाख सामायिक हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें