एक हजार हनुमान चालीसा का संगीत मय पाठ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

एक हजार हनुमान चालीसा का संगीत मय पाठ



दिनेश गोयल


दुमदुमा। आस्था एक संकल्प नामक स्वयंसेवी संस्था द्वारा दुमदुमा सुंदरकांड समिति एवं दुमदुमा कोलियापानी हनुमान मंदिर समिति के सहयोग से 'एक हजार एक' हनुमान चालीसा के संगीतमय पाठ का भव्य आयोजन बीते कल श्री हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित किया गया‌। इस अवसर पर दुमदुमा सुंदरकांड समिति के सदस्यों द्वारा मुख्य गायक कैलाश शर्मा के नेतृत्व में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का ऐसा समां बांधा कि वहां उपस्थित सभी भक्तगण प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी की भक्ति में पूर्ण रूपेण डुब गये। आस्था एक संकल्प नामक स्वयंसेवी संस्था द्वारा कोलियापानी हनुमान मंदिर में आयोजित उक्त धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं एवं पुरुषों की उपस्थिति काफी अच्छी रही। इस अवसर पर युवा व्यवसाई सत्येन्द्र साह ने पूजन कार्य में सहयोग किया वहीं पूरे कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिलीप प्रसाद ने किया। उल्लेखनीय है कि कोलियापानी हनुमान मंदिर को भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से आस्था एक संकल्प नामक संस्था का गठन कुछ वर्षों पहले किया गया था। समिति द्वारा दुमदुमा अंचल के अधिकतर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में दानपेटी स्थापित की गई । श्रद्धानुसार प्रतिदिन हनुमान भक्तों से अपनी कमाई का एक अंश उक्त दानपेटी में डालने का अनुरोध किया गया एवं देखते ही देखते समिति को इन दानपेटियों से एक अच्छी रकम इकठ्ठा करने में सफलता प्राप्त होने लगी। समिति ने अन्य साधनों से भी दान संग्रह करते हुए मंदिर को भव्यता प्रदान करने की शुरुआत कर दी। समिति के अशोक चौधरी, राकेश गुप्ता, सतिश प्रसाद, सुनील राय, हेमंत अग्रवाल, यतिन गुप्ता, राहुल गुप्ता, विजय गुप्ता, राजू गुप्ता, रिंकु कानु, प्रकाश गुप्ता इत्यादि सहित युवाओं की एक बड़ी टोली मंदिर के जिर्णोद्धार के कार्य में तन मन धन के साथ जुट गयी। समिति ने आमजनता एवं हनुमान भक्तों से अनुरोध किया है कि मंदिर निर्माण के कार्य में मुक्तहस्तो से सहयोग कर पुण्य लाभ अर्जित करें। समिति तिनसुकिया के सिविल इंजीनियर बाबुल दत्त के मार्गदर्शन में मंदिर को भव्यता प्रदान करने की कोशिश में जुटी हुई है। मंदिर निर्माण कार्य में पारदर्शिता बरतते हुए समिति सभी खर्चों का भुगतान एवं लेन-देन के सभी कार्यो को बैंक एकाउंट के माध्यम से करने के कारण आमजनता में समिति के प्रति विश्वास काफी बढ़ गया है। उधर मंदिर की संचालन समिति भी अपना हर संभव सहयोग जिर्णोद्धार के कार्य में जुटी 'आस्था एक संकल्प' की समिति को दे रही है। 




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें