उदालगुरी। उदालगुरी जिला के कलाईगांव स्थित कालेज खेल मैदान में बुधवार को भाजपा उम्मीदवार मधुराम डेका, गुरुज्योति दास व विश्वजीत दैमारी के समर्थन में अपनी दूसरी चुनावी जनसभा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने संबोधित किया। योगी ने अपने संबोधन में ब्रह्मपुत्र, असम की संस्कृति, इतिहास व महापुरुषों के साथ ही भारत रत्न डॉ भूपेन हजारिका को भी याद किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर पार्टी की जमकर आलोचना की। कहाकि कांग्रेस ने उस पार्टी के साथ गठबंधन किया है, जिसने असम में घुसपैठ का समर्थन और बढ़ावा दिया है। वह पार्टी एआईयूडीएफ है। कांग्रेस व एआईयूडीएफ महागठबंधन बनाकर सत्ता हासिल करने का कुत्सित प्रयास कर रही हैं। इसलिए असम विधानसभा चुनाव में संस्कृति, सभ्यता को बचाने का समय है। इसलिए मैं सभी का आह्वान करता हूं कि भाजपा को फिर से एक बार विजयी बनाएं।
उन्होंने बोडोफा उपेंद्र नाथ ब्रह्म को याद करते हुए कहाकि 1990 के दशक में अपनी दूरदर्शिता के कारण आब्सू काे नेतृत्व प्रदान किया था लेकिन बोडो आंदोलन कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति की भेंट चढ़ गया । कांग्रेस के नेतृत्व ने उग्रवाद और अलगाववाद को हवा दी थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बेहद अच्छे कार्य किये गये जिसका परिणाम आज दिखायी दे रहा है। उन्होंने कहाकि मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में गरीबों के लिए काफी कार्य हुए। लोगों को घर समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं मिली हैं। असम आज अलगाववाद और उग्रवाद से मुक्त हो गया है।
उन्होंने कहाकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत की ताकत को महसूस कर रहा है। आज कोरोना की लड़ाई में भी भारत सफलता पूर्वक आगे बढ़ रहा है। जबकि दो वैक्सीन भी भारत ने दिया है। उन्होंने पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक व सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए भारत की मजबूती का जिक्र किया। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कथन एक देश में दो निशान, दो विधान व दो प्रधान नहीं चलेगा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने धारा 370 और 35 एक को हटाकर डॉ मुखर्जी के सपने को पूरा कर दिया। ट्रिपल तलाक जैसे मुद्दे का भी उन्होंने जिक्र किया।
उल्लेखनीय है कि असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरणों में 27 मार्च, 01 अप्रैल और 06 अप्रैल को मतदान होने जा रहा है। मतों की गिनती 02 मई को होगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें