तानाशाही चला रहे मुख्यमंत्री डॉ सरमा: रिपुन बोरा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

तानाशाही चला रहे मुख्यमंत्री डॉ सरमा: रिपुन बोरा

 


गुवाहाटी। असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा तानाशाही चला रहे हैं। राजधानी गुवाहाटी के एबीसी स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने डॉ सरमा पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप लगाए।


कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए यह साबित करने की कोशिश की कि किस प्रकार डॉ सरमा तानाशाही कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि डॉ सरमा द्वारा यह कहा जाना कि अगले पांच वर्षों तक विपक्षी दल के विधायकों का कोई काम नहीं है, इसलिए सभी रूपज्योति कुर्मी की तरह भाजपा में शामिल हो जाएं। उन्होंने कहा कि यह भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला बयान है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष ने विधायकों की भूमिका को लेकर मुख्यमंत्री डॉ सरमा द्वारा दिए गए बयान पर भी उनकी निंदा करते हुए कहा कि संविधान ने विधायकों को जो अधिकार दिए हैं, डॉ सरमा डॉक्टरेट करने के बावजूद उससे अनभिज्ञ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं के डीएनए में फासीवादी तथा हिटलरशाही है।


कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ शर्मा पर असम को पुलिस स्टेट बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को गोली चलाने का अधिकार है कहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे न सिर्फ मानवाधिकार का हनन होता है बल्कि, उच्च न्यायालय तथा उच्चतम् न्यायालय का भी इससे अपमान होता है।


कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ सरमा इतिहास को तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी का योगदान न तो असम और बंगाल को भारत में बचाए रखने में था और न ही असमिया भाषा की पढ़ाई कोलकाता विश्वविद्यालय में शुरू करवाने में था। डॉ सरमा ऐसा कहकर लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै, हेमचंद्र बरुवा, आनंदाराम ढेकियाल फूकन, गुनाभिराम बरुवा, मानिक चंद्र बरुवा, लक्ष्मीनाथ बेजबरुआ, चंद्र कुमार अगरवाला, कमलाकांत भट्टाचार्य हेमचंद्र गोस्वामी, डॉ वीरेंद्र कुमार बरुवा जैसे महापुरुषों का अपमान कर रहे हैं।


उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ब्रिटिश यूनियन जैक फ्लैग को सैल्यूट नहीं करने के आरोप में विश्वविद्यालय से छात्रों को स्पेल कर दिया था। पत्रकार सम्मेलन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ सरमा पर और भी कई आरोप लगाए। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें