गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) ने इस माह से किशनगंज -अजमेर (त्रि-साप्ताहिक) और कटिहार-अमृतसर (दैनिक) के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन की सेवाएं पुनः आरंभ करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए अगरतला-धर्मनगर-अगरतला डेमू पैसेंजर की सेवाएं संशोधित समय-सारणी (अस्थाई रूप से) के साथ नौ जुलाई से से पुनः चालू की गई है।
इन स्पेशल ट्रेनों में- ट्रेन सं. 05715 किशनगंज - अजमेर जंक्शन त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल 23 जुलाई से एक सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, रविवार एवं मंगलवार को किशनगंज से सुबह छह बजे चलेगी और अगले दिन रात नौ बजकर 40 मिनट पर अजमेर जंक्शन पहुंचेगी। वापसी की दिशा में, ट्रेन सं. 05716 अजमेर जंक्शन - किशनगंज त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल 26 जुलाई से एक सप्ताह में तीन दिन सोमवार, मंगलवार एवं गुरुवार को अजमेर जंक्शन से दोपहर 12 बजे चलेगी और तीसरे दिन तड़के तीन बजकर 30 मिनट पर किशनगंज पहुंचेगी।
ट्रेन सं. 05733 कटिहार - अमृतसर दैनिक एक्सप्रेस स्पेशल 26 जुलाई से कटिहार से रात 11 बजकर 45 बजे चलेगी और तीसरे दिन दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर अमृतसर पहुंचेगी। वापसी की दिशा में, ट्रेन सं. 05734 अमृतसर - कटिहार दैनिक एक्सप्रेस स्पेशल 29 जुलाई से अमृतसर से सुबह आठ बजकर 25 बजे चलेगी और अगले दिन रात 10 बजकर 10 मिनट पर कटिहार पहुंचेगी।
डेमू पैसेंजर सेवाएं: ट्रेन सं. 07679/07680 अगरतला – धर्मनगर - अगरतला डेमू पैसेंजर शुक्रवार से पुनः चालू की गई है। पैसेंजर ट्रेन अगरतला से सुबह छह बजकर 30 मिनट पर चलेगी और 10 बजकर 15 मिनट पर धर्मनगर पहुंचेगी तथा धर्मनगर से 10 बजकर 45 मिनट पर चलकर दोपहर एक बजकर 55 मिनट पर अगरतला पहुंचेगी। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें