अरुणा अग्रवाल
रंगिया। रंगिया में बीते सोमवार को एक ही दिन में लूट की तीन घटनाओं से हड़कंप मच गया है। इसदिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे रंगिया स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 के पास, सेना शिविर के समीप दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश एक महिला के गले की चेन झपटकर भाग गये। इससे महिला के गले में चोट लग जाने के कारण उसे चिकित्साधीन होना पड़ा। ब्रह्मपुत्र बोर्ड में कार्यरत तथा बाईहाटा की रहने वाली पीड़िता महिला गुणेश्वरी डेका कलिता ने बताया कि वह बाईहाटा से एक स्कूटी के पीछे बैठकर रंगिया आ रही थी, उसी दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक ने पीछे से आकर उसके गले मे पहनी हुई सोने की चेन झपटकर फरार हो गये। इससे महिला के गले में चोट आने के कारण उसे चिकित्साधीन होना पड़ा। घटना के तुरंत बाद ही महिला के चिल्लाते पर पास के बाजार में मौजूद लोगों ने उन बदमाशों का पीछा किया, परंतु वे तेज रफ्तार से भागने में सफल रहे। घटना के बाद महिला ने रंगिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक उक्त चेन की कीमत अस्सी हजार से ज्यादा होगी। महिला ने बताया कि पिछले साल भी मोरानजना के समीप मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उसके हाथों से मोबाइल और बैग छीना था।
दूसरी ओर बीते सोमवार को रंगिया थाना के पास स्थित जवाहरलाल नेहरू शिशु विद्यालय के सामने से मोटरसाइकिल सवारों ने एक रेलवे कर्मचारी के हातों से 1.10 लाख रुपये से भरा कैरीबैग झपटकर फरार हो गए। रंगिया ब्रिक फील्ड कॉलोनी में रहने वाला उक्त रेल कर्मचारी नलिनी रंजन दास भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की रंगिया शाखा से उक्त रुपये लेकर साइकिल से अपने घर जा रहा था उसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल में सवार दो युवकों ने उनके हातों से रुपये भरा कैरी बैग झपट लिया और मुरारा की ओर फरार हो गए। नलिनी दास ने रंगिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं सोमवार को दोपहर रंगिया में हुई एक अन्य घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल हैं। सोमवार को एक अज्ञात युवक ने रंगिया थाना के कुछ ही दूरी पर स्थित एक किराने की दुकान से लाखों रुपये लूट लिए। मिली जानकारी के अनुसार किराने के थोक व्यापारी गिरिधारी लाल शर्मा ने दुकान दोपहर 1 बजे बंद कर दी थी। परंतु कर्मचारियों के दुकान के पीछे काम करने के कारण बाहर का दरवाजा थोड़ा सा खुला था। मौका का फायदा उठाकर एक युवक दुकान के भीतर घुसकर रुपयों से भरा गल्ला लेकर फरार हो गया। दुकानदार से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक अज्ञात आदमी गत कई दिनों से दुकान में की विभिन्न सामग्रियों के दाम की पूछताछ कर रहा था जिसनें उन्हें अपने आप को कुमारीकाटा का व्यापारी होने की बात बताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त युवक घटना के दिन सुबह से ही दुकान के इर्द-गिर्द घुम रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि विगत कई दिनों से रंगिया शहर के विभिन्न स्थानों में विभिन्न सामग्रियों के चोरी की घटना हो रही है। जिसके बारे में रंगिया थाना में कई बार अवगत किया गया है। इसके बाद भी पुलिस की ओर से इस विषय मे कोई भी कारवाई नही की गई है। लोगों ने पुलिस से शीघ्र ही इस समस्या के समाधान की मांग की है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें