गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हुई। कैबिनेट ने इस बैठक में कई अहम फैसले लिए हैं। जनसंपर्क एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने कैबिनेट की बैठक के अंत में कैबिनेट के निर्णयों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य में एक लाख बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के मद्देनजर राज्य सरकार के लक्ष्य के तहत आज की कैबिनेट ने डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ आदि विभिन्न तकनीकी पदों सहित कुल 8,855 पदों पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। भर्ती प्रक्रिया अगले सितम्बर माह में शुरू होगी।
आज की कैबिनेट ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मौजूदा बोनस 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी करने को मंजूरी दे दी है। जुलाई 2021 से यह बढ़ोतरी लागू हो जाएगी। 20 मार्च 2020 से पहले छुट्टी पर गए कर्मचारी जो कोरोना महामारी के चलते ड्यूटी से अनुपस्थित थे, आज की कैबिनेट ने उनकी अनुपस्थिति को नियमित करने का फैसला किया है। कैबिनेट ने बेरोजगारी को सुलझाने की दिशा में एक कदम के रूप में परिवहन और कौशल विकास विभाग के संयुक्त उपक्रम में राज्य के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र से 50 युवाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण देने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि 45 दिन के प्रशिक्षण के अंत में सरकार द्वारा राज्य में कुल 6,600 युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस दिए जाएंगे। 45 दिन के प्रशिक्षण के अंत में अगर युवा व्यावसायिक यात्री वाहन खरीदना चाहते हैं तो सरकार एक लाख रुपये की सब्सिडी भी देगी। राज्य सरकार ने तय किया है कि वह राज्य के अनुसूचित जनजातियों की जनजाति के रूप में सूची में शामिल लालुंग शब्द के स्थान पर तिवा शब्द का इस्तेमाल करने का केन्द्र सरकार से अनुरोध करेगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें