नागौर। राजस्थान के नागौर जिले के कुचामन शहर में मेगा हाईवे पर शनिवार देर शाम को हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को कुचामन के राजकीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में दो भाई, उनकी पत्नियां और बेटी शामिल है। हादसा कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। कार में सवार सभी लोग चूरू जिले के राजलदेसर के रहने वाले थे और शनिवार सुबह ही अजमेर के लिए निकले थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप-नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने हादसे में मृत लोगों के प्रति ट्वीट कर संवेदना जताई है।
पुलिस के अनुसार राजलदेसर के कपड़ा कारोबारी परिवार के सदस्य दो दिन के लिए अजमेर घूमने जा रहे थे। इसी दौरान कुचामन मेगा हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार जरीना पत्नी इस्माइल (47), नसीम पत्नी मोहम्मद हुसैन (45), नाजमीन पुत्री मोहम्मद हुसैन (14), इस्माइल पुत्र नाथू खान (55) और मोहम्मद हुसैन पुत्र नाथू खान (50) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुस्कान पुत्री इस्माइल (19), तमन्ना पुत्री इस्माइल (17) और अक्सा पुत्री मोहम्मद हुसैन (6) गंभीर रूप से हुईं हैं। सभी मृतकों के शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
रविवार सुबह परिजन के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इस्माइल और मोहम्मद हुसैन के एक-एक बेटा भी है। दोनों हादसे में बच गए हैं, दोनों बेटे 10 दिन पहले ही अजमेर घूमकर गए हैं। गाड़ी में जगह भी नहीं थी, इसलिए उन्हें साथ नहीं लाए थे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ट्वीट में लिखा कि नागौर के कुचामन सिटी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें इस बेहद कठिन समय में सम्बल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।
उप-नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने ट्वीट के जरिए अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि नागौर जिले के कुचामन सिटी क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य व संबल प्रदान करें।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें