गुवाहाटी। आंदोलन से राजनीति में आए राइजर दल के एकमात्र विधायक अखिल गोगोई को विधानसभा में सोते हुए देखा गया। असम विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा बेहद अहम मुद्दे पर अपना संबोधन दे रहे थे। इस बीच अखिल गोगोई को गहरी नींद में देखा गया।
अखिल गोगोई ऐसे नेता हैं जो सदन में हर समय किसी भी मुद्दे पर उनसे मतलब हो या नहीं बोलने के लिए आतुर नजर आते हैं। ऐसे में जब मुख्यमंत्री राज्य की सीमा विवाद के मुद्दे पर अपना बयान रख रहे थे तो अखिल गोगोई सोते रहे, जबकि अखिल गोगोई सीमा मुद्दे पर सरकार से काफी तीखे सवाल सदन के अंदर और बाहर भी पूछ चुके हैं।
मुख्यमंत्री मिजोरम, मेघालय समेत अन्य राज्यों की सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर बोल रहे थे। कुछ दिनों पहले इस मुद्दे पर स्वयं अखिल गोगोई ने भी बेहद आक्रामक भूमिका दिखाई थी। इतने अहम मुद्दे पर चर्चा के बीच में अखिल गोगोई के सोने की बात को लेकर मीडिया में जमकर चर्चा हो रही है। अखिल गोगोई वैसे तो हर समय अपनी उपस्थिति लोगों के बीच दिखाने का कोई भी मौका नहीं चुकते हैं। हालांकि, उनकी पार्टी के वे एकमात्र विधायक होने के कारण सदन में उन्हें बोलने का बेहद कम समय मिलता है, जिसके चलते वह सदन के बाहर हर समय मीडिया के सामने बोलते नजर आते हैं। ऐसे में सदन के अंदर अखिल गोगोई का सोना काफी चर्चा में बना हुआ है। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें