मुख्यमंत्री ने असम के लिए नैनो यूरिया की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मुख्यमंत्री ने असम के लिए नैनो यूरिया की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 


गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफ्को) द्वारा विकसित नैनो यूरिया की पहली खेप को असम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इफ्को ने दुनिया में पहली बार नैनो यूरिया विकसित किया है जो पारंपरिक यूरिया के एक बड़े हिस्से को रिप्लेस करने जा रहा है।


इस अवसर मुख्यमंत्री ने इफ्को की इस पहल को दुनिया भर में आधुनिक कृषि के इतिहास में इसके कई सकारात्मक लाभों के कारण 'गेम चेंजर' करार दिया। उन्होंने इफ्को के नवोन्मेषी प्रयास के लिए बधाई दी। साथ ही कहा कि हम आशा करते हैं कि भविष्य में भी यह कृषि क्षेत्र में परिवर्तन लाने के लिए अपने प्रभावशाली प्रदर्शन को जारी रखेगा।


किसानों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के अनूठे विजन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि भारत सरकार ने इस पर वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान अकेले यूरिया के लिए लगभग 55,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नैनो यूरिया की शुरूआत से सरकारी खजाने से भारी मात्रा में धन की बचत होगी।


उन्होंने कहा कि परिवहन, संचालन और भंडारण लागत में भी काफी कमी आएगी क्योंकि नैनो यूरिया की केवल एक बोतल (500 मिली) फसल पोषक तत्व की समान मात्रा की आपूर्ति करेगी जो कि एक बैग (45 किग्रा) पारंपरिक यूरिया प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने आम किसानों के लाभ के लिए अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अपनी बहुमूल्य तकनीक साझा करने के लिए इफको को भी धन्यवाद दिया।


डॉ. सरमा ने अपने संबोधन में इफको से राज्य में नैनो यूरिया संयंत्र स्थापित करने के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य में समय-समय पर यूरिया और अन्य उर्वरकों के तीव्र संकट की ओर इशारा करते हुए इफ्को को राज्य में उर्वरक की कमी के मुद्दे को देखने और राज्य के किसानों को यूरिया और अन्य उर्वरकों की सुचारू आपूर्ति के लिए उर्वरक वितरण चैनलों को सुव्यवस्थित करने के लिए पहल करने को कहा।


इस अवसर पर राज्य के कृषि मंत्री अतुल बोरा और इफ्को के प्रबंध निदेशक डॉ उदय शंकर अवस्थी ने भी अपने विचार रखे। इफ्को के अध्यक्ष बलबिंदर सिंह ने स्वागत भाषण दिया जबकि इफको के उपाध्यक्ष दिलीप संघानी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


कार्यक्रम में राज्य के उद्योग मंत्री चंद्र मोहन पटवारी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जयंत मल्ला बरुवा, अजीत भट्टाचार्य, राज्य विपणन प्रबंधक, इफको (एनई) और इफ्को के कई अन्य अधिकारी भी वर्चुअल फ्लैग ऑफ समारोह के दौरान उपस्थित थे। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें