अरुणा अग्रवाल
रंगिया। उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे, रंगिया के मांडलिक मुख्य प्रबन्धक वी ए मालेगांवकर ने आज दोपहर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य में पर्यटन के क्षेत्र को एक नया रूप देने के लिए उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे जल्द ही विस्टाडॉम रेलवे सेवा की शुरुआत करेगा। यह विशेष रेल सेवा गुवाहाटी से रंगिया होते हुए नामेरी नेशनल पार्क के लिए चलेगी। पर्यटकों की सुविधा के यह रेल सेवा की व्यवस्था की जाएगी। वहीं दूसरी ओर उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के कारण बंद की गयी यात्री गाड़ियों को राज्य सरकार का निर्देश मिलते ही पुनः चलाया जाएगा। उन्होंने रूट के बिद्युतीकरण के बारे में बताते हुए कहा कि असम के श्रीराम पुर से लेकर न्यू बोंगाईगांव और न्यू बोंगाईगांव से जोगिघोपा स्टेशन खण्ड पर सीआरएस का इंस्पेक्शन के लिए सारा काम पूरा हो चुका है। इसके लिए सर्कल कार्यालय में अर्जी भेजी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सीआरएस का इन दोनों खण्डों का बिद्युतिकरण का इंस्पेक्शन हो जाएगा तथा इसके बाद रेलवे बिद्युतिक लोकोमोटिव से यहाँ रेल गाड़ियों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि कामख्या-गुवाहाटी खण्ड में भी जल्द ही सीआरएस द्वारा बिद्युतिक लोकोमोटिव से गाड़ियां चलाने की अनुमति मिलेगी। इसके अलावा मांडलिक प्रबन्धक ने बताया कि कुछ और मेल और एक्सप्रेस गाड़ियां ब्रांच लाईन में शुरू करने के लिए रेलवे विभाग सकारात्मक है। उन्होंने बताया कि रेलवे विभाग अरुणाचल सरकार से भी लगातार सम्पर्क में है। अरुणाचल सरकार की तरफ से पहल होने पर कुछ गाड़ियों का परिचालन शुरू किया जा सकता है। रूट की डबलिंग के बारे में उन्होंने बताते हुए उन्होंने कहा कि न्यू बोंगईगांव से लेकर रंगिया खण्ड और आगे कामाख्या तक एन एफ रेलवे के कंस्ट्रक्शन आर्गेनाईजेशन की तरफ से जानकारी दी गयी है कि बिजनी या बरपेटा तक मार्च तक डबलिंग की कोशिश करेंगे क्योंकि यह खण्ड डबलिंग के लिए एक जरुरी खण्ड है। इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां चल रही है। उन्होंने रंगिया स्टेशन और इसके अंतर्गत आसपास के स्थानों की स्वच्छता और सौंदर्यकरण के लिए रेलवे विभाग द्वारा उठाये जा रहे कदमों की भी जानकारी इस संवाददाता सम्मेलन में दी।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें