मायुमं गुवाहाटी ने शुरू किया मंच का पहला बिजनस फ़ोरम ‘आगमन’ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मायुमं गुवाहाटी ने शुरू किया मंच का पहला बिजनस फ़ोरम ‘आगमन’



अभामायुमं के राष्ट्रिय अध्यक्ष कपील लखोटिया ने बताया नया प्रयास


गुवाहाटी। समाज सेवा के कार्यों में देश की अग्रणी संस्थाओं में से एक मारवाड़ी युवा मंच (मायुमं) गुवाहाटी शाखा ने अपने सदस्यों के बीच व्यापार-वाणिज्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिजनस फ़ोरम ‘आगमन’ का शुभारंभ किया है। अभामायुमं के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल लखोटिया, राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत खंडेलिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव चांडक आदि की उपस्थिति में आगमन का आज मेगा विजिटर मीट आयोजित किया गया। अभामायुमं की देशभर में फैली 763+ शाखाओं में से गुवाहाटी शाखा के अंतर्गत गठित "आगमन" मंच का पहला ऐसा बिजनेस प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए सदस्यगण आपस में एक-दूसरे के व्यवसाय में न केवल सहयोग करते हैं, बल्कि उन्हें व्यवसायिक जानकारियां भी प्राप्त होती है। आगमन के माध्यम से जहां एक ओर सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत होता है। वहीं सदस्यों को उनके व्यवसाय को विस्तार करने का मार्ग भी प्रशस्त होता है। आगमन का एक अन्य महत्वपूर्ण कार्य सदस्य को व्यापार संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिये मंच प्रदान करना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लखोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि गुवाहाटी शाखा से मायुमं की नीव रखी गई थी और इसी गुवाहाटी शाखा के "आगमन" से ही अब देश भर में इसकी शाखाए खोली जाएगी। शाखा सदस्य विशाल जैन के संयोजकत्व में सितंबर महीने में आयोजित पहली बैठक में ‘आगमन’ से अब तक शाखा के 40 से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं। उल्लेखनीय है कि शाखाध्यक्ष मोहित मालू, शाखा मंत्री सुरज जैन एवं कोषाध्यक्ष अनूप शर्मा इसके पदेन सदस्य हैं। इस मौके पर शाखा अध्यक्ष श्री मालू ने कहा कि आज के समय में युवाओं को मंच से जोड़ने के लिए तीन महत्वपूर्ण चीजों की जरूरत है। पहला प्रशिक्षण, द्वितीय खेलकूद व तृतीय व्यापार। प्रशिक्षण और खेलकूद में मायुमं पिछले कई वर्षों से कार्यक्रम आयोजित करते आ रहा है और अब आगमन के जरिए व्यापार को भी जोड़ा गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा मायुमं से जुड़ सकें। शाखा के जनसंपर्क अधिकारी आकाश शर्मा ने बताया कि ‘आगमन’ को और अधिक विस्तार देने एवं सदस्यों की व्यापारिक गतिविधियों की जानकारी आदि पर विचार करने के लिए प्रत्येक महीने के दूसरे एवं चौथे सोमवार को आगमन की बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें व्यापारिक मुद्दों पर विचार-विमर्श कर व्यापार को आगे कैसे बढ़ाए इस पर चर्चा की जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें