बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस दुर्घटना पर रेल मंत्री ने की आर्थिक मदद की घोषणा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस दुर्घटना पर रेल मंत्री ने की आर्थिक मदद की घोषणा



नई दिल्ली, गुवाहाटी/कोलकाता। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के अलीपुर डिवीजन अतंर्गत पश्चिम बंगाल के न्यू दमोहनी और न्यू मयनागुड़ी रेलवे स्टेशन के बीच बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस ( ट्रेन नम्बर 15633) गुरुवार शाम करीब पांच बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारम्भिक सूचना के मुताबिक ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें से चार डिब्बे पलट गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए हैं। फिलहाल 40 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पं. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बातचीत कर हादसे की जानकारी ली। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ''रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत कर पश्चिम बंगाल में ट्रेन दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''

रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हादसे और बचाव कार्यों की जानकारी दी है।

रेलमंत्री ने हादसे में प्रभावित लोगों तथा उनके परिवारों को आर्थिक मदद मुहैया कराने का ऐलान किया है। प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच लाख, गंभीर घायलों को एक-एक लाख और सामान्य घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और मेडिकल टीम दुर्घटना स्थल पर पहुंच गई है। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। उन्होंने बताया कि वह भी शुक्रवार सुबह दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें