चार मानव तस्करों को किया गिरफ्तार
राज्य में अभी भी बड़े पैमाने में मानवीय तस्कर अपना जाल फैलाये हुये है। रोजगार के लालच में राज्य के कई युवक-युवती समेत किशोर-किशोरी मानवीय चक्र का टारगेट बन रहे हैं। हाल ही में रंगिया में मानव तस्करी की विभिन्न गतिविधियां सामने आई हैं। रंगिया में गत शुक्रवार की रात्रि मानव तस्कर के चंगुल से किशोर समेत 11 लोगों को छुड़ाया गया। रंगिया रेलवे स्टेशन के पास करिआरा में मानव तस्कर नजरुल अली उर्फ पोकेट के घर पुलिस ने अभियान चलाकर 4 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए चार लोगों की पहचान राजू कलिता, ज्योति मेधी, सुरेश आरिया और आइजुल अली के रूप में हुई है। घटना में शामिल मुख्य आरोपी नजरूल अली उर्फ पॉकेट पुलिस आने की खबर पाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मानव तस्कर और मुख्य आरोपी नजरूल अली उर्फ पॉकेट की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक तस्कर ने सभी को जम्मू-कश्मीर में काम देने का लालच देकर रंगिया में एक घर में बंद कर रखा था। ऐसे में पुलिस ने अभियान चलाकर उन्हें छुड़ाया। इस घटना में तस्करों सहित छुड़ाये गये सभी लोगों को पुलिस रंगिया थाने ले आयी। गौरतलब है कि गरीबी का फायदा उठाकर मानव तस्करो द्वारा कई परिवार के किशोर-किशोरियों को इस तरह काम का लालच देकर बाहरी राज्यों में बेचा जा रहा है।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें