पूजा माहेश्वरी
नगांव । मारवाड़ी महिला मंच , नगांव ने रविवार को जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया । खचाखच भरे सभागार में काफी संख्या में महिला व पुरुष उपस्थित थे। होली मिलन समारोह में सर्वप्रथम नगांव मारवाड़ी महिला मंच की अध्यक्ष भारती नाहटा ने स्वागत भाषण दिया । श्रीमती नाहटा ने सभी उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के चलते पिछले दो वर्ष में कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं किया जा सका । अब कोरोना महामारी से हमसभी को राहत मिलने के बाद एक मिलन समारोह के माध्यम से सभी से मुलाकात हो सकी है । सांस्कृतिक कार्यक्रम आरंभ होने से पूर्व मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा , जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी , नगांव राजस्थानी युवक संघ के अध्यक्ष मनोज जाजोदिया व समाजसेवी सीताराम बुधिया ने श्री गणेश जी की छवि के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । तत्पश्चात काब्या बिहानी ने नृत्य के माध्यम से श्री गणेश वंदना की प्रस्तुति दी । नगांव मारवाड़ी महिला मंच की अध्यक्ष भारती नाहटा व अन्य सदस्य हर्षदा सोलंकी , आशा बगड़िया , सुमित्रा अग्रवाल , संगीता पौद्दार , प्रसन्न नाहटा व शीतल केजरीवाल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया । बाद में काब्या बिहानी ने एक ओर नृत्य प्रस्तुत कर सभी की सराहना की पात्र बनी । सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच बीच में तोल मोल के बोल नामक एक प्रश्न मंच का भी कार्यक्रम हर्षदा सोलंकी व भारती नाहटा के नेतृत्व में हुआ और उक्त दोनों ने ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन तक मंच संचालन किया । तोल मोल के बोल जीतने वाले को तुरंत पुरस्कृत किया गया । बाद में संस्था की सदस्या अनु मोर व संतोष भजनका ने एक एकांकी प्रस्तुत की । इस एकांकी की अन्य कलाकार मनीषा भजनका और अंजलि अग्रवाल ने भी शानदार प्रदर्शन किया । इस एकांकी में हास्य भी था और समाज के लिए संदेश भी । इस कार्यक्रम के पश्चात सीए स्वाति बगड़िया को अभिनंदन पत्र दे कर श्री मती बीणा मोर के हाथों विशेष रूप से सम्मानित किया गया । पुर्बी नाहटा ने एक शानदार नृत्य प्रस्तुत कर खुब तालियां बटोरी । नन्ही शानवी भजनका व नक्श भजनका ने एकल नृत्य व बाद में युगल नृत्य प्रस्तुत किया और अनुश्री शर्मा ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया । सभी बाल कलाकारों के नृत्य की सभी ने सराहना की । बाद में भारती नाहटा व पूर्वी नाहटा ने हास्य व्यंग पर आधारित एकांकी प्रस्तुत की । वास्तविक जीवन में उक्त दोनों सास बहू की जोड़ी की एकांकी का सभी ने लुत्फ उठाया । अनुज शोभासरिया और रजनीश जैन ने अपने अपने गीत प्रस्तुत किए । एक मात्र सामूहिक नृत्य गुंजन अग्रवाल , मिष्टी भजनका , आलिशा , पायल दुगड़ ,शेजल खेतावत व मुस्कान जाजोदिया ने प्रस्तुत किया । राजस्थानी परंपरा का निर्वाह करते हुए शंकर लाल वर्मा एण्ड पार्टी ने होली गीत प्रस्तुत किए । कार्यक्रम के समापन पर संस्था की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला देवी कर्वा ने धन्यवाद ज्ञापन किया । होली मिलन समारोह में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों के अलावा माहेश्वरी महिला समिति की सदस्याएं भी अपने गणावेश में उपस्थित थी ।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें