गुवाहाटी : मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी शाखा की ओर से माछखोवा स्थित आईटीए सेंटर में होली मिलन समारोह ‘रंग दे-3.0’ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। रविवार को सायं 5 बजे से आयोजित ‘होली का रंग मंच के संग’ कार्यक्रम में मंच सदस्यों के साथ ही उनके परिवार तथा काफी संख्या में समाजबंधु भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक नगर के जानेमाने ज्वेलरी संस्थान एल गोपाल के प्रमुख विकास सोनी, गुवाहाटी शाखा के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल एवं शाखा पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शाखा की ओर से कन्हैया सोनी, ग्रीनको के हिमांशु पारीक, पीबी सैनिटरी के विमल दुधोरिया एवं अन्य सभी प्रायोजकों को मोमेंटों प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं राजस्थान से आए भवानी पारीक एवं उनकी पूरी टीम का पारंपरिक फुलाम गामोछा से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में शाखाध्यक्ष मोहित मालू ने अपने संबोधन में प्यार व भाईचारे को बढ़ावा देने वाले रंगों के त्योहार होली की शुभकामनाएं दी और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी का स्वागत किया। राजस्थान से आए भवानी पारिक एवं उनकी टीम द्वारा रंगो के त्योहार होली की विभिन्न तरह के गीतों एवं नृत्य की प्रस्तुति से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस अवसर पर गुवाहाटी शाखा के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष सीकरिया, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित अग्रवाल, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाला, प्रांतीय अध्यक्ष हिमशिखर खंडेलिया भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों द्वारा कार्यक्रम स्थल को काफी सुव्यवस्थित तरीके से सजाया गया था। दर्शकों से खचाखच भरे आईटीए के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का सभी ने भरपूर आनंद उठाया। सभी ने मुक्त कंठ से मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी शाखा का इस तरह के आयोजन के लिए मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के संयोजक लोकेश बोरड़, रमेश पारीक एवं अंकित कुंडलिया थे। शाखाध्यक्ष मोहित मालू ने कहा कि होली के इस कार्यक्रम को सफलता पूर्वक संपन्न कराने में संयोजकों के साथ ही मंच पदाधिकारियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। यह जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी आकाश शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें