- लोकनाथ मोर अध्यक्ष एवं मधुसूदन सीकरिया महामंत्री निर्वाचित
वर्ष 1964 में स्थापित आसाम प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, शिक्षाकोष के वर्ष 2022-24 के लिए ट्रस्टबोर्ड के चुनाव कल गुवाहाटी में संपन्न हुए। अध्यक्ष डा. श्यामसुंदर हरलालका के सभापतित्व में आयोजित ट्रस्टबोर्ड की मीटिंग में पहली बार सर्वाधिक 23 ट्रस्टियों ने अंश ग्रहण किया। अपने स्वागत संबोधन में डा. हरलालका ने ख़ुशी व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि नव ट्रस्टबोर्ड के लिए इस बार सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न हुए जिसके लिए चुनाव अधिकारी कृष्ण कुमार जालान विशेष रूप से प्रशंसा के पात्र हैं। साथ ही डा. हरलालका ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार जो ट्रस्टी चुनकर आए हैं उनमें अधिकांश युवा एवं ऊर्जावान सदस्य हैं जिनसे समाज को काफ़ी उम्मीद है। पूर्व में भी सभी ने विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। इससे पूर्व सभा ने अपने निवर्तमान अध्यक्ष ओंकारमल अग्रवाल एवं संस्था के विभिन्न सदस्यों के परिजनों के निधन पर दुःख प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। डा. हरलालका ने अपने कार्यकाल के विषय में जानकारी देते हुए सभासदों को बताया कि वैश्विक महामारी की वजह से भले ही अनुमान के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ने में परेशानी आयी हो फिर भी अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का सफलतापूर्वक संपादन किया गया। सर्वाधिक महत्वपूर्ण कार्य ट्रस्टबोर्ड को सोसाइटी एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत करवाना था जिसमें हमें सफलता मिली। इस हेतु उन्होंने महामंत्री CA अशोक अग्रवाल की खुलकर प्रशंसा की।
अध्यक्ष के संबोधन के पश्चात् कृष्ण कुमार जालान ने गत सभा का प्रतिवेदन सभा के सम्मुख प्रस्तुत किया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सभा की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए सभापति ने वर्ष 2022-24 के लिए ट्रस्ट बोर्ड के लिए निर्वाचित सदस्यों के नाम की घोषणा की जिनका करतल ध्वनि से उपस्थित सभासदों ने स्वागत किया। तत्पश्चात नव पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सम्मेलन के प्रादेशिक अध्यक्ष ओमप्रकाश खंडेलवाल ने अपनी राय प्रकट करते हुए नव पदाधिकारियों के नामों का प्रस्ताव रखा जिसे एक आदर्श प्रस्तुत करते हुए उपस्थित सभी सभासदों ने एक मत से ग्रहण किया। नव पदाधिकारियों के रूप में लोकनाथ मोर को अध्यक्ष, मधुसूदन सीकरिया को महामंत्री, ओमप्रकाश चौधरी एवं महावीर सिंघानिया को उपाध्यक्ष, अशोक अग्रवाल CA को कोषाध्यक्ष, दिलीप कुमार सराफ एवं समित सराफ को संयुक्त मंत्री का पदभार सौंपा गया। नव अध्यक्ष श्री मोर ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सर्वप्रथम मुझमें विश्वास व्यक्त कर इस अत्यंत महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपने के लिए आप सभी का मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूँ। मेरा मानना है कि अपनी इस संस्था के प्रति समाज के लोगों की जो अपेक्षाएँ हैं उस पर हमें खरा साबित होना हमारा प्रथम कर्तव्य है। शिक्षा के क्षेत्र में किस प्रकार हम समाज के छात्रों को अधिक से अधिक सहूलियत प्रदान कर सकें इस बात को ध्यान में रखते हुए हमें अपनी कार्ययोजना तय कर आगे बढ़ना है। वर्तमान में अपना समाज व्यवसाय से ऊपर उठकर अन्य क्षेत्रों में भी परचम लहरा रहा है जिसे और अधिक गति प्रदान करने के लिए असम प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, शिक्षाकोष एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हमारा प्रयास यह रहना चाहिए कि अर्थाभाव एवं संसाधनों की कमी की वजह से कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रह सके। इसके लिए हमें भी अपने संसाधनों को और अधिक दुरुस्त करने के साथ ही अपनी सक्रियता का परिचय देना होगा। शिक्षा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले अधिकाधिक समाज बंधुओं को अपने इस अभियान से जोड़कर उनका भी सहयोग प्राप्त करने की हमें चेष्टा करनी होगी। शिक्षाकोष के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हैं जिनका संचालन सभी सदस्यों में कार्य के विभाजन के साथ ही ज़िम्मेदारियों को तय कर करना होगा। केवल अध्यक्ष एवं मंत्री तक यह ट्रस्टबोर्ड सीमित न रहे इस बात पर विशेष ध्यान रखना होगा। ट्रस्ट बोर्ड के सदस्यों से विचार विमर्श कर शीघ्र ही अगली मीटिंग में कार्ययोजनाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करने का हम प्रयास करेंगे। सभा में उपस्थित अधिकांश सदस्यों ने भी अपने अपने विचार प्रकट करते हुए नव निर्वाचित अध्यक्ष की राय पर अपनी सहमति प्रकट की। सभा के अंत में नव महामंत्री श्री सीकरिया ने अपने वक्तव्य में सभी निर्वाचित सदस्यों के उत्साह को देखते हुए आशा व्यक्त की कि वर्तमान ट्रस्ट बोर्ड आगामी दो वर्षों में नए आयाम स्थापित करने के साथ ही सभी समस्याओं को मिल बैठ कर दूर करने में सफल होगा। सीकरिया ने गत ट्रस्टबोर्ड के सफल कार्यकाल के लिए डा. हरलालका एवं उनकी टीम को बधाई का प्रस्ताव रखा जिसे सभी ने करतल ध्वनि से स्वीकार किया। इससे पूर्व श्री मोर के प्रस्ताव पर ट्रस्टबोर्ड ने शिलौंग स्थित शिक्षाकोष की ज़मीन की देखरेख एवं तदानुसार उचित कार्यवाही के लिए महावीर सिंघानिया शिलौंग के नेतृत्व में एक उपसमिति का गठन किया जिसमें पदेन सदस्य के रूप में वर्तमान अध्यक्ष श्री मोर एवं महामंत्री श्री सीकरिया के साथ ही सदस्य के रूप में निवर्तमान अध्यक्ष डा. हरलालका, सम्मेलन के प्रादेशिक अध्यक्ष खंडेलवाल, ओमप्रकाश चौधरी, विनोद अग्रवाल, अजय अग्रवाल शिलौंग, पवन कुमार शर्मा शिलौंग को सम्मिलित किया गया। इसी के साथ सभापति ने सभा संपन्न की घोषणा की।












कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें