स्थापना दिवस पर मेधावी विद्यार्थी का किया गया अभिनंदन
गुवाहाटी। छत्रीबाड़ी स्थित लोहिया लायंस अस्पताल के प्रेक्षागृह में आज प्रेरणा ट्यूटोरियल की ओर से प्रेरणा दिवस का आयोजन किया गया। संस्थान ने वाणिज्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के 21 वर्ष पूरे कर लिए हैं। स्थापना दिवस के मौके पर कोचिंग सेंटर के वाणिज्य संकाय में विभिन्न व्यावसायिक परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया।
इस मौके पर प्रेरणा ट्यूटोरियल्स के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीएमए रमेश गुप्ता ने सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों व अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि कोचिंग सेंटर ने पिछले 21 वर्षों में 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने वाणिज्य के क्षेत्र में विभिन्न परीक्षाओं में शीर्ष रैंक धारकों वाले विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की अपनी यात्रा को भी साझा किया।
उन्होंने बताया कि सन् 2001 से प्रेरणा ट्यूटोरियल पूर्वोत्तर का एक प्रमुख कोचिंग संस्थान है, जो चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए), कंपनी सेक्रेटरी (सीएस), कॉस्ट अकाउंटेंसी, एमबीए, एम. कॉम, बी. कॉम सहित विभिन्न कॉमर्स से संबंधित पाठ्यक्रमों की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर माहौल एवं सरल तरीके से प्रशिक्षण प्रदान करता है।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में नई दिल्ली से आए प्रख्यात चार्टर्ड एकाउंटेंट और प्रत्यक्ष कराधान में वयोवृद्ध शिक्षक सीए विनोद गुप्ता ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कोलकाता के मोहित अग्रवाल मौजूद थे। दोनों विद्वान वक्ताओं ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन के अपने शब्दों से छात्रों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सीए गौरव गरोडिया, सीएस प्रदीप शर्मा और सीएमए पीएल कनोई ने भी इस कार्यक्रम उपस्थित रहकर अपने अनुभव और ज्ञान से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों व अभिभावकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रेरणा ट्यूटोरियल्स ने लायंस क्लब गुवाहाटी एलीट की संयुक्त पहल ‘प्रोजेक्ट शिक्षा’ का शुभारंभ किया। यह योजना जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों को नि:शुल्क सीए शिक्षा प्रदान करेगा। इस अवसर पर लायंस एलीट के अध्यक्ष सीए आयुष सराफ ने जरूरतमंद छात्रों की मदद करने की आवश्यकता पर जोर दिया और इस दिशा में लायंस एलीट के प्रेरणा ट्यूटोरियल के प्रयासों की सराहना की। औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें