अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का मेगा रक्तदान शिविर 17 सितंबर को - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का मेगा रक्तदान शिविर 17 सितंबर को



गुवाहाटी। विश्वभर में रक्तदान में इतिहास रचते हुए अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का  17 सितंबर 2022 को मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का पूरे देश भर में आयोजन किया जाएगा।जिसमे  2000 से भी अधिक रक्तदान शिविर तथा डेढ़ लाख यूनिट रक्तदान एकत्रित करने का लक्ष्य अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा रखा गया है। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा ने असम वासियों से रक्तदान जैसे महान कार्य में सहयोग देने के लिए आह्वान करते हुए कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष में यह महान कार्य अपने आप में एक ऐतिहासिक कार्य हो गया। रक्त का कोई विकल्प नहीं है ।अतः यह महादान कहलाता है। विभिन्न सामाजिक संस्थाएं रक्तदान करके यह महान कार्य करती आ रही है। जिसमें अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद भी अग्रणी रही है। उल्लेखनीय है कि दुनिया का प्रमुख रक्तदान करने वाला संगठन अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद जिसकी देशभर में 350 सौ से अधिक शाखाएं फैली हुई है। देश और विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के माध्यम से अनुमानित डेढ़ लाख युनिट से अधिक रक्तदान करने के लिए लगभग दो हजार  रक्तदान शिविर आयोजित करने का लक्ष्य है। उल्लेखनीय बात यह है कि 17 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 72 वां जन्म दिवस है। साथ ही अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का स्थापना दिवस भी है। अतः इस दिन का महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है। रक्तदान के लिए जागरूकता फैलाने के लिए तेरापंथ युवक परिषद गुवाहाटी शाखा ने गुवाहाटी प्रेस क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन  आयोजित किया। जिसमें तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष मनीष सिंघी ने बताया कि भारत जैसे 135 करोड़ से अधिक की आबादी वाले देश में लगभग 52 करोड स्वस्थ लोग और योग्य रक्तदाता है। अगर वे खुद की इच्छा से रक्तदान करते हैं तो देश के ब्लड बैंकों में रक्त की कमी कभी भी नहीं होगी। जनता को जागरूक करने और खुद की इच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 17 सितंबर 2022 को देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में रक्तदान अभियान का संचालन किया जा रहा है।एक ही दिन में इतने बड़े पैमाने पर आयोजित यह रक्तदान महा अभियान दुनिया में रक्तदान के इतिहास में पहली बार होगा और इतिहास रचने के लिए अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के लिए एक सशक्त और प्रभावशाली कदम होगा। रक्तदान अभियान के पूर्वोत्तर के समन्वयक आशीष कोचर ने संवाददाताओं को बताया कि 17 सितंबर 2012 को देश में 276 शहरों और कस्बों में 651 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 96,600 यूनिट रक्त की रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन किया गया। 6 सितंबर 2014 को देश के 286 क्षेत्रों में 682 रक्तदान शिविर द्वारा एक लाख दो सौ बारह  यूनिट रक्त संग्रहित किया गया और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। वर्ष 2016 में लगातार 366 दिनों तक 410 क्षेत्रों में 468 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया था और दुनिया में सबसे लंबे समय तक निरंतर रक्तदान अभियान के रूप में इसका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। कोविड-19 की अत्यंत बुरी स्थिति और लॉकडाउन जैसे सबसे खराब स्थिति के कारण 2020 में भारत सरकार की मांग के अनुसार प्रति माह लगभग 55 हजार यूनिट रक्तदान और दो हजार यूनिट प्लाज्मा  दान किया गया। इस ने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, ग्लोबल रिकॉर्ड एंड रिसर्च फाउंडेशन, एशिया पेसिफिक रिकॉर्ड्स ओर ग्लोबल रिकॉर्ड्स में भी अपना नाम दर्ज कराया। तेरापंथ युवक परिषद गुवाहाटी के सचिव विकास झाबक ने बताया कि यह अभियान गुवाहाटी में अमीन गांव से खानापाड़ा और विजयनगर से छ माईल तक 31 स्थानों पर चलाया जाएगा। शहर भर में विभिन्न रक्त दाताओं द्वारा कुल एक हजार से भी अधिक यूनिट रक्तदान संग्रहित किया जाएगा। गुवाहाटी शाखा के रक्तदान शिविर के संयोजक रोहित सुराणा ने कहा की इस अवसर पर रक्तदान जागरूकता के लिये गुवाहाटी महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में बाइक रैली निकाली गई। जो गुवाहाटी  प्रेस क्लब से शुरू होकर उलुबाडी, क्रिश्चियन बस्ती, गणेशगुड़ी, सिक्स माइल से वापस भंगागढ़, शराब भट्टी, आठगांव  3 नंबर गेट फैंसी बाजार होती हुई एमएस रोड स्थित तेरापंथ भवन में समापन की गई। संवाददाता सम्मेलन में तेरापंथ सभा गुवाहाटी के अध्यक्ष बजरंग सुराणा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर रक्तदान के असम प्रभारी सुनील जम्मड भी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें