अमित नागोरी
महिला एवं बाल विकास विभाग गोलाघाट द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आज गोलाघाट स्थित जिला पुस्तकालय परिसर में 2022 पोषण माह के आयोजन में असम सरकार की वित्त , महिला और बाल विकाश मंत्री अजंता नियोग ने भाग लिया।
उन्होंने पोषण माह के संयोजन में आयोजित पोषण प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और पोषण अभियान के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा गोलाघाट भेजे गए तीन पोषण रथों को झंडी दिखाकर रवाना किया । प्रदर्शनी में आंगनबाडी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भाग लिया जिन्होंने पौष्टिक भोजन, स्थानीय रूप से उपलब्ध खाद्य पदार्थ, सब्जियां और फल प्रदर्शित किए। कार्यक्रम के तहत कुकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। दुकानो में एनीमिया की रोकथाम, बच्चों और महिलाओं के पोषण जैसे मुद्दों पर महिलाओं में जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया ।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने लोगों से पोषण अभियान को जन आंदोलन में बदलने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि महिलाएं अक्सर पौष्टिक भोजन करने के मामले में खुद की उपेक्षा करती हैं। गरीब महिलाएं, खासकर गर्भावस्था के दौरान, अपने स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रखती हैं, जिससे बच्चे में कुपोषण हो जाता है।उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज की सबसे गरीब महिलाओं में पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि असम सरकार ने गांवों में बच्चों को स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए 1,000 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित किए हैं।उन्होंने कहा कि इस वर्ष अन्य 4,000 मॉडल आंगनबाडी केंद्र स्थापित किए जाएंगे और निकट भविष्य में कुल 15,000 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ राष्ट्र और स्वस्थ समाज की स्थापना तभी हो सकती है जब बच्चों और माताओं का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी महिला, विशेष रूप से चाय बागान क्षेत्रों की महिलाएं कुपोषण से पीड़ित न हों।
कार्यक्रम में नगर के दो स्वास्थमान शिशु को पुरस्कृत किया गया । इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ संगीता बोरठाकुर , नगरपालिका अध्यक्षा दुलुमोनी बोरबोरा , समाज कल्याण की प्रभारी अधिकारी सुलक्षणा बोरपात्र गोहाई , राजस्व अधिकारी और नगर शिशु उन्नयन योजना के अधिकारी छत्रजीत नियोग के अलावा अन्यान्य अधिकारी उपस्थित रहे ।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें