अरुणा अग्रवाल
रंगिया में हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री शक्ति सेवा समिति द्वारा श्री श्री बाबा रामदेव महाराज की दशमी का आयोजन बड़े धूमधाम के साथ किया गया। स्थानीय श्री श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। वहीं बाबा रामदेव जी की जोत-धोक-प्रसाद लगाने के लिए सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में पहुँचे। श्री शक्ति सेवा समिति, रंगिया की ओर से मंदिर प्रांगण को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा बाबा रामदेव जी का दरबार लगाया गया। साथ ही ''जै बाबे री" की ध्वनि के साथ संध्या 7 बजे पूजा प्रारंभ की गई। इसके साथ ही बाबा की ज्योत प्रज्वलन, आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। अपने परम आराध्य के प्रति श्रद्धा निवेदित करने श्रद्धालु सपरिवार मंदिर प्रांगण पहुंचे तथा भक्तिभाव के साथ बाबा रामदेव जी की पूजा अर्चना की। इस मौके पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की स्थानीय शाखा की ओर से बाबा रामदेव जी को छप्पन भोग अर्पित कर भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़े-बुजुर्गों सहित युवा बच्चों और महिलाओं की उपस्थिति विशेष रुप से उल्लेखनीय रही। इसके अलावा कार्यक्रम के अंतर्गत रात्रि 9 बजे से कीर्तन के आयोजन में स्थानीय बजरंग भजन मंडली के गायक कलाकारों ने बाबा के मधुर भजनों की अमृतवर्षा की। कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के अध्यक्ष रामअवतार लुंडिया, सचिव प्रदीप अग्रवाल सहित समिति के राजकुमार मौर, संजय नाथानी, अनूप जाजोदिया, प्रदीप जाजोदिया, रमेश बजाज, संजय मौर, दिलीप जाजोदिया, ध्रुबो सरावगी और समाजबंधुओं ने प्रशंसनीय भूमिका निभाई।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें