अ.भा. मारवाड़ी सम्मेलन की बैठक कानपुर में संपन्न - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

अ.भा. मारवाड़ी सम्मेलन की बैठक कानपुर में संपन्न

 


शिव कुमार लोहिया राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित


कानपुर/कोलकाता। यूपी प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में कानपुर में आयोजित अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की सर्वोच्च नीति निर्धारक राष्ट्रीय समिति की बैठक में आगामी सत्र के लिए श्री शिव कुमार लोहिया को राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। सहायक चुनाव अधिकारी एडवोकेट प्रदीप जीवराजका एवं केदार नाथ गुप्ता ने चुनाव अधिकारी एडवोकेट नंद लाल सिंघानिया के निर्देशानुसार संविधान के तहत सम्पन्न हुए चुनाव के सम्बन्ध में दी गई रिपोर्ट के आधार पर श्री लोहिया को आगामी सत्र के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। सभा में उपस्थित विभिन्न प्रांतों के प्रतिनिधियों ने नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इसी कड़ी में पूर्वोत्तर प्रांत की तरफ से निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सीकरिया ने असमिया परंपरा के अनुसार गुलाम गमछा भेंट कर उनका स्वागत किया। 


इसके पहले दीप प्रज्जवलन के साथ बैठक की शुरुआत करते हुए सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया ने कहा कि अभी हमनें अंधेरे से प्रकाश की ओर जाने के लिये जिस दीप का प्रज्जवलन किया है आशा है भविष्य में भी सम्मेलन इस दीप की तरह समाज में रौशनी का संचार करेगा। 


कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर यूपी विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने संबोधन में देश के निर्माण में मारवाड़ी समाज के योगदान की प्रशंसा की। विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित पूर्व विधायक व एमएलसी सलिल विश्‍नोई ने कहा कि कानपुर कभी 'मैनचेस्टर ऑफ ईस्ट' के नाम से जाना जाता था, पर आज स्थिति बदल गयी है। उद्योग, व्यापार को बढ़ाने के लिये मारवाड़ी समाज को आगे आना होगा। हमें एक बार फिर एक जुट होकर कानपुर को नई ऊंचाइयों पर ले जाना होगा। 


सम्मेलन के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिव कुमार लोहिया ने कहा कि सम्मेलन की स्थापना समाज के सर्वांगीण विकास के साथ ही कुरीतियों के निवारण के लिए की गई थी। आज भी सम्मेलन उसी ऊर्जा के साथ कार्यरत है तथा भविष्य में भी हमें इसी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना है जिसमें सभी प्रांतों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने सभी प्रांतों के प्रति आभार जताया, जिन्होंने उऩके प्रति आस्था जताई। 


निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संतोष सराफ ने कहा कि सम्मेलन पूरे भारत में विशाल रूप ले चुका है। श्री सराफ़ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जैसे चार दिशाएं होती है उसी तरह आज चारों दिशाओं से सम्मेलन के प्रतिनिधि उपस्थित हुए हैं। उन्होंने हाल में हुई घटना जो न्यायालय के विचाराधीन है का संक्षिप्त विवरण देते हुए सम्मेलन को अनावश्यक कानूनी विवाद में घसीटनें की घटना पर नाराज़गी व्यक्त करते हुये ऐसे कदम उठाने वालों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने के साथ-साथ उनका बहिष्कार करने की मांग की। इस मांग पर बैठक में एक स्वर में निन्दा प्रस्ताव पारित हुआ।


राष्ट्रीय महामंत्री श्री संजय हरलालका ने बैठक की शुरुआत करते हुए विगत कार्यकलापों की जानकारी सबके समक्ष रखी, साथ ही सम्मेलन पर हुए मामले की जानकारी देते हुए हाल ही में न्यायालय में हुई कानूनी कार्यवाही का विवरण सबके सामने रखा। बैठक में सर्वसम्मति से श्री हरलालका को न्यायालय में सम्मेलन की तरफ से कानूनी पक्ष रखने एवं तदनुसार सभी आवश्यक कार्यवाही के लिए अधिकृत किया गया।सर्व सम्मति से निर्णय हुआ कि इस सम्बन्ध में सभी आवश्यक व्यय सम्मेलन वहन करेगा।


सभा में उपस्थित विभिन्न प्रांतों के वर्तमान एवं पूर्व प्रादेशिक अध्यक्षों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। पूर्वात्तर प्रांत की तरफ से बोलते हुए श्री सीकरिया ने सम्पूर्ण भारत में सम्मेलन के हुए विस्तार पर खुशी व्यक्त करते हुए प्रांतों के साथ ही सदस्यों को भी सक्रिय बनाए रखने पर जोर दिया। वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष गड़ोडिया जी के सफलतम कार्यकाल पर उन्होंने कहा कि रांची के हमारे अध्यक्ष महोदय ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि कोलकाता के बाहर का भी अध्यक्ष सम्मेलन को कुशल नेतृत्व प्रदान कर सकता है।


बैठक में पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री कैलाश पति तोदी, कर्नाटक प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. सुभाष अग्रवाल, बिहार के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री युगल किशोर अग्रवाल, उत्तराखण्ड अध्यक्ष श्री संतोष खेतान तथा महामंत्री श्री संजय जाजोदिया, मध्य प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय कुमार संकलेचा, आंध्र प्रदेश अध्यक्ष श्री चांदमल अग्रवाल तथा महामंत्री श्री पोड्डेश्वर पुरोहित, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री लक्ष्मीपत भूतोडिया, बिहार प्रदेश के निवर्तमान अध्यक्ष श्री महेश जालान, पूर्व अध्यक्ष सर्वश्री कमल नोपानी, निर्मल झुनझुनवाला, बिनोद तोदी, श्री रमेश केजरीवाल, मध्यप्रदेश के पूर्व अध्यक्ष श्री कमलेश नाहटा, उत्तराखण्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री रंजीत जालान, झारखंड के पूर्व अध्यक्ष श्री भागचंद पोद्दार सहित श्री ओम प्रकाश प्रणव, श्री अनिल अग्रवाल,श्री चंडी प्रसाद डालमिया, डॉ. सावर धनानिया, श्री ओम प्रकाश टिबडेवाल, श्री पवन बंसल, श्री मनोज चंदगोठिया, श्री सज्जन बेरीवाला, श्री श्याम सुंदर भरतिया, श्री विष्णु शर्मा, डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल, श्री विष्णु पोद्दार, श्री प्रदीप केडिया, श्री सज्जन शर्मा, श्री रमेश बजाज, श्रीमती सुषमा अग्रवाल, श्री राजेश कुमार पोद्दार, श्री मनोज अग्रवाल, श्री संदीप सेकसरिया, श्री श्याम सुंदर टिबडेवाल सहित 10 प्रांतों से पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे। सभासदों ने सभा के उत्कृष्ट आतिथ्य हेतु यूपी प्रांत के अध्यक्ष श्रीगोपाल तुलस्यान इस उनकी टीम की भूरी भूरी प्रशंसा की। राष्ट्रीय महामंत्री के धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही सभा संपन्न हुई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें