गुवाहाटी। आचार्य श्री प्रमुख सागर महाराज का 50 वां स्वर्ण जयंती महोत्सव ससंघ के पावन सानिध्य में आज भगवान महावीर धर्म स्थल में उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने आचार्य श्री के दर्शन कर विशेष प्रवचन में हिस्सा लिया। आचार्य श्री ने श्री बिरला को मोतियों की माला,शाॅल आदि भेंट कर मंगल आशीष प्रदान किया। तत्पश्चात आचार्य श्री प्रमुख सागर महाराज द्वारा रचित बलिहारी गुरु आपकी नामक पुस्तिका का विमोचन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने किया। इस अवसर पर श्री बिडला ने कहा कि सत्य, अहिंसा ,मानवीय सेवा भाव हमारे स्वभाव के मूल में होने चाहिए। आचार्य श्री के सानिध्य ,आशीर्वाद, मंगल प्रवचन और उनकी ज्ञा वाणी से हम सभी को एक नई दिशा और नई रोशनी मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सारी दुनिया यह मानने लगी है कि सभी को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि संतों की समागम से जीवन में शांति मिलती है। भव भवो के संचित कर्म क्षय हो जाते हैं। परिणामों में निर्मलता आती है।श्री बिडला ने आगे कहा कि राजस्थान के लोग जहां भी जाते हैं वहां भारतीय राजस्थानी संस्कृति ,सुविचार तथा सेवा मूलक काम को एक साथ लेकर जाते हैं। राजस्थानी समाज के लोग देश के जिस क्षेत्र में भी रहते हैं वहां के अभावग्रस्त, गरीब, वंचित और आपदा पीड़ित लोगों की मदद के लिए हमेशा अग्रसर रहते हैं। इस मौके पर आचार्य श्री ने अपनी विशेष प्रवचन में भारत को अपने आप में परिपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि धर्म में राजनीति आ जाए तो धर्म विधवा हो जाता है। मगर यदि राजनीति में धर्म आ जाए तो राजनीति ऊंचाइयों को प्राप्त कर लेती है। भारत को छोड़ विश्व के किसी देश को मां कहकर नहीं बुलाया जाता। देश के राजनीतिक यदि संकल्प ले ले तो भारत को विश्व गुरु बनाने से कोई नहीं रोक सकता।उन्होंने अहिंसा की सुरक्षा को देश की सुरक्षा बताते हुए साधु-संतों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत बताई। उन्होंने फैंसी बाजार स्थित पुरानी जेल परिसर में चल रहे पार्क का नाम भगवान महावीर के नाम से अहिंसा तीर्थ किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि जहां पहले फांसी दी जाती थी वहां से यदि सारी दुनिया को अहिंसा का संदेश प्रेषित किया जाए तो यह बहुत अच्छी बात होगी। इस दौरान जैन साधु संतों के सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया। साथ ही लोकसभा में विधेयक पारित करने का आग्रह भी किया गया। इससे पहले श्री दिगंबर जैन पंचायत गुवाहाटी के अध्यक्ष महावीर जैन ने स्वागत भाषण देते हुए लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि जैन साधु संतों के विचरण के समय उन्हें समुचित सुरक्षा हर प्रांत में वहां की राज्य सरकार द्वारा मिल सके ऐसा प्रावधान संविधान में करना चाहिए ताकि जैन साधु संत निडर हो करण करके अहिंसा धर्म प्रचार में लगे रहे। कार्यक्रम का संचालन दिगंबर जैन पंचायत के मंत्री वीरेंद्र सरावगी ने किया। इस अवसर पर मुनि आचार्य ने लोकसभा अध्यक्ष को एक कलश व साहित्य प्रदान किया। जिसको हमेशा अपने साथ रखकर कार्य करने का अनुरोध भी किया।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें