गुवाहाटी। आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में शनिवार को राजस्थान से आए भाजपा नेताओं का एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर राजस्थान विधानसभा के प्रमुख शासन सचिव महावीर प्रसाद शर्मा तथा मांडलगढ़ (जिला भीलवाड़ा) के विधायक गोपाल लाल शर्मा का अभिनंदन फुलाम-गमछा, प्रतीक चिन्ह व स्मारिका भेंट कर किया गया।
इस मौके पर मंच पर अतिथियों के अलावा गौशाला ट्रस्ट बोर्ड के चेयरमैन कैलाश लोहिया, ट्रस्टी इंचार्ज अशोक धानुका, कार्यकारिणी समिति अध्यक्ष जयप्रकाश गोयनका, सचिव प्रदीप भुवालका, असम प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, सिकर गौशाला के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा मंचासिन थे।
अपने संबोधन में राजस्थान विधानसभा के प्रमुख शासन सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि अन्य वन्य प्राणियों की तरह गायों के लिए भी संरक्षित वनांचल होना चाहिए। वहीं मांडलगढ़ (जिला भीलवाड़ा) के विधायक गोपाल लाल शर्मा ने श्री गौहाटी गौशाला की व्यवस्थाओं की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरी शिद्दत के साथ यहां पर गौ माता की सेवा की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संगठनों से आए पदाधिकारियों द्वारा राजस्थान से आए दोनो नेताओं का अभिनंदन किया गया। इस दौरान गौशाला कार्यकारिणी समिति के कई पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें