असम के मुख्यमंत्री के कारण मारवाड़ी समाज आज चैन की नींद सो रहा है: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

असम के मुख्यमंत्री के कारण मारवाड़ी समाज आज चैन की नींद सो रहा है: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़



गुवाहाटी. बृहतर गुवाहाटी मारवाड़ी समाज द्वारा भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के गुवाहाटी आने पर उनका नागरिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने मारवाड़ी समाज के बीच मारवाड़ी भाषा में अपना संबोधन रखते हुए अपनात्व का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री की प्रशंसा में कसीदे कढते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री ने मुझसे कहा कि गुवाहाटी में आकर मारवाड़ी समाज से नहीं मिले तो यह अच्छा काम नहीं होगा। इसके लिए चाहे तो दूसरे कार्यक्रम में कुछ कटौती कर दी जा सकती है। उपराष्ट्रपति ने मरवाडीयों को संबोधित करते हुए कहा कि आप और असम का सौभाग्य है कि ऐसा व्यक्ति असम का मुख्य मंत्री है जिसके कारण आज आप चैन की नींद सो रहे हैं और व्यापार बढ़ाने की सोचते हैं। 15 साल पहले का भी एक समय था। आज पूरे देश में उनके काम करने के तरीकों को अपनाया जा रहा है। असम के मुख्यमंत्री देश का सम्मान बढ़ाने में कोई कमी नहीं रखते हैं। विकास, शिक्षा के मामले में जो किया जा रहा है वह कमाल की बात है। मेरा मन तो उस समय पसीज गया जब मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रांत के मारवाड़ी खून पसीने से धन उपार्जन कर असम को सींच रहे हैं। मारवाड़ी असम के कण-कण में बस गए हैं। मारवाड़ी के बच्चों की और इशारा करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि मरवाडीयों के बच्चों को हार्वर्ड या आईआईटी अहमदाबाद में ट्रेनिंग लेने की जरूरत नहीं है। मारवाड़ी बच्चे एकलव्य की तरह खुद ही सब कुछ सीख लेते हैं। मारवाड़ी बच्चे स्कूल में पढ़कर भी एक घंटा दुकान में जाकर अपना व्यापार कर लेते हैं। उपराष्ट्रपति ने मरवाडीयों की तारीफ में कहा कि मारवाड़ी लक्ष्मी का बड़ा पुजारी है। जब कोई बच्चा आईसीयू में भर्ती होता है और कोई उसका हाल पूछता है तो मारवाड़ी कहेगा कि दो पैसा सुधार है। इससे पहले असम सरकार के कैबिनेट मंत्री और वृहत्तर मारवाड़ी समाज के प्रतिनिधि के रूप में अशोक सिंघल ने स्वागत भाषण देकर उपराष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री का स्वागत किया। असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान की दो विभूतियां उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने राजस्थान को गौरव प्रदान किया है। इससे पहले उपराष्ट्रपति पद पर भैरोसिंह शेखावत ने भी यह सम्मान हमें प्रदान किया था।आज मैं स्वयं सकल मारवाड़ी समाज की तरफ से इन सभी विभूतियों का स्वागत करता हूं।इन्होंने राजस्थान के प्रवासी मरवाडीयों का मान सम्मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अपना संबोधन देते हुए कहा कि आज मंच पर राजस्थान के दो सपूत उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया विराजमान है। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति के ध्यानार्थ कहा कि हमारे राज्य के मारवाड़ी समाज ने असम के विकास में एक बहुत बड़ा अवदान दिए हैं। मारवाड़ी समाज का असम के उद्योग व्यापार के अलावा असम की संस्कृति और असम के बौद्धिक दोनों ही दिशाओं में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। असम के मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय ,बहुत सारे महाविद्यालय की स्थापना में मारवाड़ी समाज के लोगों ने भूमि दान भी किया था। मारवाड़ी समाज के इन लोगों ने असमिया भाषा को अपना कर असमिया भाषा में साहित्य चर्चा व सामाजिक कार्य जैसे गौशाला, हॉस्पिटल आदि में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान पहले भी मिल रहा था और आज भी मिल रहा है। असम के इतिहास में बीच में एक ऐसा समय आया था जिस समय मारवाड़ी समाज के बीच सुरक्षा का वातावरण पैदा हो गया था। लेकिन वह समय आज बीत चुका है। आज मारवाड़ी समाज हमारे साथ मिलकर कार्य कर रहा है। इससे पहले विजय सिंह डागा ने मारवाड़ी समाज के इतिहास के बारे में उपराष्ट्रपति महोदय को जानकारी देते हुए अपना संबोधन दिया। इस अवसर पर मंच पर असम के मुख्य सचिव पवन बोरठाकुर और पुलिस महानिदेशक जेपी सिंह भी उपस्थित थे। सम्मान की कड़ी में उपराष्ट्रपति को रमेश गोयनका ने फुलाम गमछा, शरद जैन ने शाॅल, महावीर जैन ने जापी, प्रदीप भडेच ने गौशाला का प्रतीक चिन्ह गाय, रतन शर्मा ने साराई, शंकर बिरला ने कामाख्या मंदिर का प्रतीक चिन्ह देकर उनका नागरिक अभिनंदन किया। राज्यपाल श्री कटारिया को घनश्याम धानुक ने फूलाम गमछा पहनकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को प्रदीप भुवालका ने फुलाम गमछा, राहुल लोहिया ने शाॅल उढा कर उनका सम्मान किया। बजरंग सुराणा और मनीष अग्रवाल ने अशोक सिंघल को फुलाम गमछा व शाॅल से सम्मानित किया। कार्यक्रम में महिला मंगल, तेरापंथ महिला मंडल, लघु उद्योग भारती, गुवाहाटी मोटर पार्ट्स ट्रेडर्स एसोसिएशन, मारवाड़ी सम्मेलन की गुवाहाटी शाखा व कामरूप शाखा, अणुव्रत समिति गुवाहाटी शाखा, पूर्वांचल जाट समाज के अलावा अन्य कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम के संयोजक अशोक धनुका ने समाज के इस नागरिक अभिनंदन समारोह में सहयोग करने के लिए सभी का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें