गुवाहाटी: गणगौर विसर्जन मेला कल; कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

गुवाहाटी: गणगौर विसर्जन मेला कल; कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन


विभिन्न संगठनों की ओर से दी जाएगी निःशुल्क सेवाएं


गुवाहाटी। श्री गणगौर तीज महोत्सव समिति की ओर से आगामी 11 अप्रैल को फैंसी बाजार के एमजी रोड स्थित काछुमारीघाट में गणगौर विसर्जन मेले का विराट आयोजन किया जाएगा। अध्यक्ष विशाल भातरा ने बताया कि इस भव्य आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया उपस्थित रहेंगे। सचिव मनमोहन सिकरिया ने बताया कि इस अवसर पर कई प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं विभिन्न संगठनों की ओर से निःशुल्क सेवाएं भी दी जाएंगी।

कार्यक्रम संयोजक विवेक सांगानेरिया ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच की कामाख्या शाखा की ओर से गणगौर सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में हाथ से सजाई गई गणगौर को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके पीछे संस्था का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राजस्थानी संस्कृति एवं परंपरा से जोड़े रखना है। वहीं मारवाड़ी महिला एकता मंच की ओर से सोलाह श्रृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मारवाड़ी समेल्लन महिला शाखा की ओर से ईशर-गोरा, ननद-भोजाई, देवराणी-जेठाणी, सास-बहू आदि की जोड़ी प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर 1.30 बजे से 4.30 बजे तक ही किया जाएगा। इन सभी प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके अलावा मेले के दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजन स्थल पर कई तरह की सेवाएं दी जाएंगी। इनमें मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा, चेतना लेडीज क्लब, श्री राणी सती सत्संग समिति एवं श्री राणी सतीजी महिला समिति, श्री ढांढण शक्ति महिला समिति, श्री छाजल अमरी शक्ति समिति, बैद्यनाथ आसाम कांवरिया सेवा समिति, गुवाहाटी युवा कांवर संघ, लक्ष्मणगढ़ नागरिक परिषद, असम बैद्यनाथ (युवा) कांवड़ संघ, श्री राम सेवकगण आदि संगठन शामिल हैं।

समिति के कोषाध्यक्ष संजय मोर ने बताया कि गणगौर विसर्जन मेले का आयोजन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे के बीच किया जाएगा। निवर्तमान अध्यक्ष निर्मल शर्मा (कालू) ने बताया कि इस दौरान रंगीलो राजस्थान की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। गणगौर मूर्तियों को आयोजन स्थल से महाबाहु ब्रह्मपुत्र में विसर्जन करने हेतु समिति की ओर से कार्यकर्ताओं के माध्यम से विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यकारी सदस्य आदर्श शर्मा (बाबली) ने सभी माताओं एवं बहनों से समय पर पहुंच कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। आयोजन को सफल बनाने में अजय अग्रवाल, बिकी बाजोरिया, दिनेश सिकरिया सहित सभी सदस्य जुटे हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें