तेजपुर। मारवाड़ी युवा मंच तेजपुर शाखा एवं तेजपुर जागृति शाखा का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 20 अप्रैल को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर दोनों शाखाओं के वर्ष 2025-26 हेतु नई कार्यकारिणियों के शपथ ग्रहण के साथ-साथ 2024-25 के वार्षिक पुरस्कार भी घोषित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत मंच संचालक रितु बाहेती द्वारा सभी उपस्थितजनों के स्वागत से हुई। इसके बाद मंच पर पदाधिकारियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने आसन ग्रहण किया और शाखा सलाहकारों एवं अतिथियों का परंपरागत सम्मान चुनरी से किया गया।
इसके पश्चात द्वीप प्रज्वलन के साथ समारोह का विधिवत आरंभ हुआ और असम की सांस्कृतिक आत्मा को दर्शाते हुए जातीय गीत का गायन किया गया।
सबसे पहले तेजपुर शाखा के निवर्तमान अध्यक्ष कामख्या पारीक के संबोधन में और मंत्री विष्णु कांत डागा ने मंच पर अपना शाखा मंत्री प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2024-25 की गतिविधियों, उपलब्धियों और समर्पित सदस्यों के योगदान की सराहना की। उन्होंने वार्षिक पुरस्कारों और सम्मान की घोषणा करते हुए भावभीना धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसके बाद तेजपुर जागृति शाखा के निवर्तमान अध्यक्षा निशा जोशी एवं मंत्री मधु जैन ने अपना संबोधन एवं वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। अध्यक्षा निशा जोशी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए पुरस्कारों और सम्मान की घोषणा की।
कार्यक्रम में आगे तेजपुर शाखा के नव-निर्वाचित अध्यक्ष विष्णु महेश्वरी, मंत्री अमित भगेरिया एवं कोषाध्यक्ष सुलभ किल्ला का परिचय करवाया गया। तत्पश्चात उन्होंने अपनी पूरी कार्यकारिणी टीम के साथ पद एवं जिम्मेदारियों की शपथ ली। शपथ ग्रहण के उपरांत अध्यक्ष विष्णु महेश्वरी ने अपने प्रथम संबोधन में मंच की कार्य संस्कृति, युवा ऊर्जा और समाज सेवा के प्रति अपने दृष्टिकोण को साझा किया और सभी से सहयोग का आग्रह किया। शपथ पाठ प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य अरुण जी बाहेती, प्रांतीय स्थाई आमंत्रित सदस्य राजीव जी जैन एवं पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्षा पूनम शर्मा पांडिया ने करवाया।
इसके पश्चात जागृति शाखा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष मधु जैन, मंत्री सरिता टायल और कोषाध्यक्ष रेशमा शर्मा ने अपनी नई कार्यकारिणी के साथ संयुक्त शपथ ग्रहण किया। लेपल पिन का आदान-प्रदान एक भावुक एवं गरिमामयी क्षण रहा। कार्यकारिणी की घोषणा के उपरांत सभी सदस्यों ने संयुक्त रूप से शपथ ली।
नव अध्यक्षा मधु जैन ने प्रथम संबोधन में सेवा, समर्पण और नवाचार की भावना के साथ एक प्रेरणादायक संदेश दिया।
इसके पश्चात अतिथि वक्ताओ में पूर्व राष्ट्रीय निदेशक राजीव जी जैन ने समाज के परिवारों से 18 से 40 वर्ष के उम्र के युवक युवतियों को दोनों शाखाओं में जोड़ने के प्रयास की बात कहीं, वहीं पूर्ण प्रांतीय उपाध्यक्षा पूनम शर्मा पांडिया ने अपने विचार साझा किए और युवा मंच की शाखाओं के परिवार में कोई बहन या कोई भाभी अगर जागृति से नहीं जुड़ी है तो उन्हें आमंत्रित किया और फिर मुख्य अतिथि श्री प्रेम झवर ने दोनों शाखाओं की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में सभी उपस्थितजनों को भोजन ग्रहण का सादर आमंत्रण दिया गया।
यह आयोजन नई ऊर्जा, नई जिम्मेदारी और समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें