महिला सशक्तिकरण की दिशा में शानदार कार्य कर रही सदस्याएं: अंगूरलता डेका
गुवाहाटी। महिलाओं के उत्थान एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नव्या लेडीज क्लब की सभी सदस्याएं शानदार कार्य कर रही है। यह बात पूर्व विधायक तथा भाजपा महिला प्रदेश की पूर्व अध्यक्ष अंगूरलता डेका ने नव्या लेडीज क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहीं। उन्होंने क्लब के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी महिला उत्थान से जुड़े कार्य करने हेतु क्लब की सदस्यों को प्रेरित किया। इस मौका पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जेसीआई की पूर्व जोन अध्यक्ष रश्मि खाटूवाला उपस्थित थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्लब की अध्यक्ष कुसुम जैन ने अपने संबोधन में सभी का स्वागत करते हुए अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग हेतु सभी सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली सदस्याओं को अध्यक्षीय पुरस्कारों से नवाजा। सचिव ज्योति भूत ने वर्ष भर किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं कोषाध्यक्ष पूजा अग्रवाल ने आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण हासिल करने वाली आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के युवती एवं महिलाओं को सिलाई मशीन भी प्रदान की गई।
तत्पश्चात क्लब के तीसरे शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष के तौर पर ऊर्जावान ज्योति भूत को अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई गई। वहीं सचिव के रूप में रितु अग्रवाल और कोषाध्यक्ष मिनाक्षी शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान कई नई महिलाओं ने भी क्लब की सदस्यता ग्रहण की।
नव नियुक्त अध्यक्ष श्रीमती भूत ने अपने संबोधन में क्लब के सभी सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल के दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यों को संपादित करने का भरपूर प्रयास करेगी। इसके लिए उन्हें सभी सदस्याओं का मार्ग दर्शन एवं सहयोग चाहिए।
रंगाली बिहू की थीम पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभी सदस्याएं पारंपरिक असमिया परिधान में उपस्थित हुई। इस दौरान बिहू का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नीतू गोयनका ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन सचिव रितु अग्रवाल ने दिया। शपथ विधि समारोह को सफल बनाने के लिए क्लब की सभी सदस्याओं का भरपूर सहयोग रहा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें