लखीमपुर से राजेश राठी की रिपोर्ट
लखीमपुर। असम के महान गौरव, बहुआयामी प्रतिभा के धनी, जनमानस के हृदयों पर अमिट छाप छोड़ने वाले प्रख्यात गायक, संगीतकार, अभिनेता और समाज के जागरूक प्रहरी रहे स्व. जुबिन गर्ग के नाम पर लखीमपुर में एक महत्वपूर्ण स्थल को चिरस्थायी बनाने की मांग उठी है। हाल ही में ताई अहोम महिला परिषद, केंद्रीय समिति की सभापति नांग मन्दिरा चांगमाई ने राज्य के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा तथा लखीमपुर के विधायक मानब डेका को एक भावपूर्ण निवेदन प्रस्तुत करते हुए आग्रह किया है कि लखीमपुर के नोकारी रेलगेट पर निर्माणाधीन उड़ानपुल (फ्लाईओवर) का नाम स्व. जुबिन गर्ग के नाम पर रखा जाए।अपने निवेदन में उन्होंने स्पष्ट किया कि जुबिन गर्ग केवल एक गायक या कलाकार नहीं थे, बल्कि असमिया संस्कृति और अस्मिता के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने अपनी मधुर आवाज़, अद्वितीय संगीत रचनाओं और बहुआयामी कला से न केवल असमिया समाज, बल्कि समूचे उत्तर-पूर्व और पूरे देश को गौरवान्वित किया। असम की आत्मा से जुड़ी उनकी रचनाएँ हर घर-आंगन में गूँजती रही हैं और उन्होंने पीढ़ी-दर-पीढ़ी युवाओं को अपनी भाषा, संस्कृति और संगीत से जोड़ने का कार्य किया। परिषद की ओर से कहा गया है कि जब इस फ्लाईओवर का नाम स्व. जुबिन गर्ग के नाम से जोड़ा जाएगा, तब यह न केवल लखीमपुरवासियों के लिए गर्व का विषय होगा, बल्कि समूचे असम के लिए भी एक स्वर्णिम सम्मान साबित होगा। यह कदम एक ओर असम के महान कलाकार के प्रति श्रद्धांजलि होगा, वहीं दूसरी ओर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनेगा। नांग मन्दिरा चांगमै ने अपनी अपील में आशा व्यक्त की है कि राज्य सरकार इस जनभावना का सम्मान करते हुए इस मांग को पूरा करेगी और स्व. जुबिन गर्ग के नाम पर फ्लाईओवर का नामकरण कर असम के सांस्कृतिक इतिहास में गौरवशाली अध्याय जोड़ेगी।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें