डॉ. प्रेम सागर प्रसाद का निधन, होजाई शोकाकुल - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

डॉ. प्रेम सागर प्रसाद का निधन, होजाई शोकाकुल



रमेश मुन्दड़ा 


होजाई। रविंद्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय के राजनीतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेम सागर प्रसाद (59) के निधन के समाचार से होजाई में शोक की लहर छा गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात्रि को उच्च रक्तचाप (प्रेशर स्ट्रोक) के कारण उनका निधन हो गया।  


इस दुखद समाचार से विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र‑छात्राएँ, पूर्व छात्र और शुभचिंतक स्तब्ध हैं। किसी को विश्वास ही नहीं हो पा रहा है कि मृदुभाषी, मिलनसार, स्पष्टवादी, हसमुख और धार्मिक भावनाओं से प्रेरित डॉ. प्रसाद अब इस दुनिया में नहीं रहे। वे सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे।  


रविवार को उनकी अंतिम यात्रा उनके नया बाजार स्थित निवास ‘अनंती निवास’ से निकली। यात्रा पहले रविंद्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय पहुँची, जहाँ उनके सहयोगी शिक्षक और छात्र‑छात्राओं ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इसके पश्चात शांतिवन में अंतिम संस्कार हेतु यात्रा पहुँची। वहाँ भी अनेक संस्थाओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनमें अखिल भारतीय मधेशिया वैश्य सभा, होजाई शाखा के सदस्य प्रमुख रहे। इस अवसर पर उपकुलपति मानवेंद्र दत्त चौधरी भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।  


अंततः उनके पुत्र ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से उन्हें मुखाग्नि दी। वे अपने पीछे पत्नी, पुत्र और पुत्री सहित भरा‑पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें