पूजा माहेश्वरी
नगांव । मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा, मारवाड़ी युवा मंच नगांव शाखा, समृद्धि शाखा, शिखर शाखा तथा मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन सोमवार को स्वर्गीय सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन परिसर में अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगांव के वरिष्ठ समाजसेवी व अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रसाद किल्ला थे । मंच संचालन अरुण नागरका द्वारा किया गया । मुख्य अतिथि के करकमलों से ध्वजारोहण सम्पन्न हुआ, तत्पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई । मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया ।
सम्मेलन महिला शाखा की अध्यक्षा श्रीमती नीतू पोद्दार, मारवाड़ी युवा मंच समृद्धि शाखा की अध्यक्षा श्रीमती निमिषा अग्रवाल तथा शिखर शाखा के अध्यक्ष बंकट जोगानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए । मुख्य अतिथि श्री किल्ला ने सभी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस गौरवपूर्ण अवसर पर ध्वजारोहण का अवसर देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया । इससे पूर्व सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष माणकचंद नाहटा द्वारा मुख्य अतिथि का फूलाम गमछा से अभिनंदन किया गया । महिला शाखा की ओर से श्रीमती सुमन बोथरा ने तिरंगी चुनरी ओढ़ाई, युवा मंच नगांव शाखा की ओर से पंकज गाड़ोदिया ने ‘जय हिंद’ दुपट्टा, समृद्धि शाखा की ओर से सुश्री इसीका जैन ने तिरंगा दुपट्टा तथा शिखर शाखा की ओर से अमित पोद्दार ने तिरंगा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया ।
कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई जिसमें श्रद्धा गुजरानी, धनेश शर्मा, स्नेहा शर्मा एवं अनिल प्रजापत ने मनमोहक देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को देशप्रेम से ओतप्रोत कर दिया । भवन परिसर को तिरंगे रंगों से भव्य रूप से सजाया गया था तथा उपस्थित जनों के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों, सभी संगठनो के पदाधिकारी एवं सदस्यों की उपस्थिति रही । इस आशय की जानकारी मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा के सह सचिव अरुण नागरका व सारंग खाटूवाला द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई ।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें