शिवसागर से पवन केजडीवाल
आगामी विधानसभा चुनाव-2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शिवसागर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ जारी हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आधारभूत संरचना की तैयारी, विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों का गठन, अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रशिक्षण, आचार संहिता का पालन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित कई तैयारियाँ चरणबद्ध रूप से की जा रही हैं।जिला प्रशासन की ओर से आम मतदाताओं, विशेषकर युवा वर्ग और नए मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रणालीबद्ध मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी कार्यक्रम (SVEEP) के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक और आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 20 मार्च को जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में “कपौ-फूल” नामक चुनावी शुभंकर (मैस्कॉट) का अनावरण किया गया। इस अवसर पर जिला आयुक्त मृदुल यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक टी. एल. रेड्डी तथा व्यय प्रेक्षक बी. ब्रह्म विद्या सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं को 9 अप्रैल को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता शपथ, जागरूकता रैली, बाइक रैली आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालय और महाविद्यालयों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के सहयोग से छात्रों के बीच भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
SVEEP कार्यक्रम के तहत जिले में पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, रील निर्माण प्रतियोगिता तथा मेहंदी प्रतियोगिता जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें