प्रीति पारीक, शिवसागर
असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर ऊपरी असम के शिवसागर जिले में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए हैं। राज्य की राजनीति में शिवसागर जिला वर्तमान व्यापक चर्चाओं में है। आज शिवसागर शहर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पापोरी चेतिया के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च शहरवासियों में चुनाव को लेकर सुरक्षा और विश्वास का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। फ्लैग मार्च शिवसागर सदर पुलिस थाने से शुरू हुआ और शहर के सभी प्रमुख मार्गों, मुख्य सड़कों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से गुजरते हुए वापस सदर थाने पर समाप्त हुआ। इस फ्लैग मार्च में असम पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ और ब्लैक कमांडो के कुल 300 से अधिक जवान शामिल हुए। मार्च के दौरान जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें एएसपी (मुख्यालय) ऋषभ हंस और एएसपी (अपराध) मयदुल इस्लाम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। फ्लैग मार्च के दौरान मीडिया से बातचीत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम जनता के बीच साहस और विश्वास पैदा करने के उद्देश्य से यह फ्लैग मार्च निकाला गया है। हमारा लक्ष्य है कि भय-मुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो। पुलिस प्रशासन इस दिशा में पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने जिले के मतदाताओं और आम जनता से अपील की कि किसी भी भय या आशंका के बगैर सभी मतदान करे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान जनता में विश्वास पैदा करने के लिए यह एक नियमित प्रक्रिया है। हमारे पास सीएपीएफ की टुकड़ियां पहुंच गई है। इसीलिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही बॉर्डर इलाकों में भी लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती तेजी से हो रही है। इस बीच जिले में सीआरपीएफ और आईटीबीपी की 4 कंपनियां पहले ही पहुंच चुकी हैं। कुल 18 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की जिले में तैनात की जाएंगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिवसागर जिले में चुनाव को लेकर क्षेत्र-विशेष अभियान, फुट पेट्रोलिंग और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। नागालैंड सीमा से सटे इलाकों में भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि अवैध शराब, नकदी या हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाई जा सके। यह फ्लैग मार्च जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका को दर्शाता है। आम नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि चुनाव के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं होगी। असम विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं और सभी जिला प्रशासन तथा पुलिस बल पूर्ण सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें