शिवसागर में मारवाड़ी समाज की वरिष्ठ समाजसेविका पुष्पा देवी खेमका का 92 वर्ष की आयु में निधन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

शिवसागर में मारवाड़ी समाज की वरिष्ठ समाजसेविका पुष्पा देवी खेमका का 92 वर्ष की आयु में निधन



शोक की लहर, नेत्रदान कर इतिहास रचा : अंतिम यात्रा में उमड़ी भारी भीड़


शिवसागर से प्रीति पारीक 


शिवसागर, शिवसागर के वृहत्तर मारवाड़ी समाज की मातृशक्ति की पथ प्रदर्शक और अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा की संस्थापक अध्यक्ष पुष्पा देवी खेमका (92) का शनिवार सुबह 9:10 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। पुष्पा देवी खेमका ने वर्ष 1989 में महिलाओं को सामाजिक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘महिला मंडल शिवसागर’ की स्थापना की थी। उन्होंने 20 वर्षों तक इस संस्था का सफल नेतृत्व किया। बाद में वर्ष 2002 में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा के गठन के साथ महिला मंडल का विलय कर दिया गया, जिसमें वे संस्थापक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं। पुष्पा देवी खेमका का जन्म 14 जून 1934 को कोलकाता में हुआ था। वर्ष 1948 में उनका विवाह शिवसागर के प्रसिद्ध बड़ा गोला के स्वर्गीय सेठ बनारसी लाल खेमका के ज्येष्ठ पुत्र स्वर्गीय केशरदेव खेमका के साथ हुआ था। उन्होंने अपने पीछे दो पुत्रों और दो पुत्रियों सहित एक भरा-पूरा परिवार छोड़ा है। स्वर्गीय पुष्पा देवी खेमका ने अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा के तत्वावधान में नेत्रदान का पहला संकल्प पत्र भरकर समाज में नेत्रदान की अलख जगाई थी। उनके निधन के तुरंत बाद मारवाड़ी सम्मेलन शिवसागर शाखा के नए नेत्रदान प्रकल्प के अंतर्गत जोरहाट के चंद्रप्रभा आई हॉस्पिटल की टीम द्वारा उनके नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की गई। शनिवार को पूर्व विधायक एवं भाजपा उम्मीदवार कुशल दुवरी ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार अपराह्न 3 बजे शहर के ज्योति प्रसाद अग्रवाला पथ स्थित बड़ा गोला, मैसर्स नाथूराम जयदयाल से उनकी अंतिम यात्रा प्रारंभ होने से पहले अनेक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने अश्रुपूरित नेत्रों से उन्हें सार्वजनिक श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व मंत्री एवं आमगुड़ी से एजीपी विधायक प्रदीप हजारिका, एजीपी जिलाध्यक्ष घोनो गोगोई, शिवसागर नगरपालिका के उपाध्यक्ष संजीव बोरा, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा, श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति, श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल प्रबंध समिति, मारवाड़ी सम्मेलन शिवसागर शाखा, पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त मंत्री बिरेन अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच शिवसागर शाखा एवं प्रगति शाखा, मारवाड़ी जन सेवा समिति, एकल अभियान, एकल अभियान महिला समिति, श्री श्याम मंडल, राधा मंडल, नारायण रेकी समिति, रोटरी क्लब ऑफ शिवसागर, श्री नवयुवक दुर्गोत्सव समिति, नवयुवक सेवा समिति, मुक्तिद्वार श्मशान समिति, होली उत्सव समिति, माहेश्वरी सभा शिवसागर, माहेश्वरी युवा संगठन, अखंड हरि कीर्तन समिति, सिविल डिफेंस शिवसागर आदि शहर की प्रमुख हस्तियां और संगठन शामिल थे। रविवार देर शाम शिवसागर के थाना घाट स्थित शांतिवन मुक्तिद्वार श्मशान घाट में उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। पुष्पा देवी खेमका ने मारवाड़ी समाज की महिलाओं को संगठित कर उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया। उनकी दूरदर्शिता और साहसिक पहल के कारण शिवसागर की मारवाड़ी महिलाएं आज भी विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके निधन से न केवल मारवाड़ी समाज बल्कि पूरे शिवसागर शहर में एक अपूरणीय शून्य की अनुभूति हो रही है। विभिन्न संगठनों और व्यक्तियों ने स्वर्गीय पुष्पा देवी खेमका के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार को संवेदना दी है और उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें