नगांव की सड़कों पर बाइक चलाकर ट्रैफिक नियंत्रण में उतरे जिला आयुक्त - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

नगांव की सड़कों पर बाइक चलाकर ट्रैफिक नियंत्रण में उतरे जिला आयुक्त



पूजा माहेश्वरी

नगांव, नगांव शहर में सोमवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब स्वयं जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा बाइक चलाकर ट्रैफिक जाम नियंत्रित करने के लिए सड़कों पर उतर आए। विधानसभा चुनाव के नामांकन पत्र दाखिल करने का सोमवार  को अंतिम दिन होने के कारण शहर के विभिन्न मार्गों पर भारी भीड़ और गंभीर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

विशेष रूप से कलियाबर-नगांव संपर्क मार्ग तथा नलतली से रूपहीहाट होते हुए नगांव शहर आने वाले रास्तों पर स्थिति अत्यधिक खराब हो गई थी। इस परिस्थिति का जायजा लेने के लिए नगांव के जिला दंडाधिकारी एवं जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने सोमवार को दोपहर इन क्षेत्रों का दौरा किया।

उम्मीदवारों को निर्धारित समय के अनुसार शाम 3 बजे से पहले नामांकन पत्र जमा करने के लिए जिला आयुक्त कार्यालय पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर भारी ट्रैफिक को पार करते हुए प्रभावित स्थलों पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस विशेष निरीक्षण के दौरान उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास और सहायक जिला आयुक्त तेजस अग्निहोत्री भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें