राष्ट्रव्यापी गो सम्मान अभियान के अंतर्गत गुवाहाटी में संतों एवं गो भक्तों की बैठक सम्पन्न - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

राष्ट्रव्यापी गो सम्मान अभियान के अंतर्गत गुवाहाटी में संतों एवं गो भक्तों की बैठक सम्पन्न

 


गुवाहाटी: राष्ट्रव्यापी स्तर पर चल रहे “गो सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत गुवाहाटी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए संतों एवं लगभग 200 गो भक्तों ने भाग लिया।


इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देशभर में गाय की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने हेतु एक सख्त केंद्रीय कानून बनवाने के लिए जन-जागरण करना है।


बैठक में संतों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, धर्म एवं अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। यदि गो वंश का संरक्षण नहीं किया गया, तो इससे राष्ट्र की आर्थिक एवं सामाजिक व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।


इस अवसर पर महामंडलेश्वर केशव दास जी महाराज (गुवाहाटी), स्वामी गोबर गोपाल सरस्वती (वृंदावन), चंद्रमा दास जी (अयोध्या), परसा वाले बाबा सहित अन्य संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


संतों एवं वक्ताओं ने बताया कि 27 अप्रैल को “गो सम्मान दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन देशभर के नागरिक अपने-अपने क्षेत्रों के सरकारी कार्यालयों (तहसील/सर्किल ऑफिस) में जाकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम आवेदन प्रस्तुत करेंगे तथा गो सुरक्षा हेतु सख्त कानून बनाने की मांग करेंगे।


वक्ताओं ने यह भी कहा कि गाय सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत है, जिसे धर्म एवं विज्ञान दोनों की कसौटी पर प्रमाणित किया जा चुका है। समाज में बढ़ती नकारात्मक प्रवृत्तियों को रोकने के लिए गो संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।


बैठक में प्रमुख रूप से अजय पोद्दार, दयाराम शर्मा, ओमप्रकाश मोर, अरविंद शर्मा, सुरेंद्र गोयल, राधेश्याम तिवारी, अमित कंसल, प्रमोद अग्रवाल, विक्रम राठौर, शिवकुमार पारीक, चंद्र प्रकाश, विनोद शर्मा, भगवान सिंह, रतन सिंह, बजरंग, सिद्धार्थ, लक्ष्मी निवास, अंकित शर्मा, मंजू लता, अनीता अग्रवाल, विपुल दास, जया पारिक, बबीता शर्मा, हेमलता अग्रवाल, जय श्री, भगवती, राजू देवी, मनीष दाधीच, मानक चंद सोनी, रोहित खंडेलवाल, विवेक नहरिया सहित अन्य अनेक गो भक्त उपस्थित रहे।


अंत में सभी संतों एवं उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर पूर्वांचल सहित पूरे राष्ट्र में सफल बनाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें