असम विधानसभा चुनाव में शिवसागर सीट पर तीखी बयानबाजी जारी : शिवसागर से भाजपा उम्मीदवार कुशल दुवरी पर अखिल गोगोई का पलटवार - "मैं उनसे डरता नहीं" - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

असम विधानसभा चुनाव में शिवसागर सीट पर तीखी बयानबाजी जारी : शिवसागर से भाजपा उम्मीदवार कुशल दुवरी पर अखिल गोगोई का पलटवार - "मैं उनसे डरता नहीं"



प्रीति पारीक, शिवसागर 24 मार्च

असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शिवसागर सीट पर राजनीतिक गहमागहमी तेज हो गई है। भाजपा के उम्मीदवार कुशल दुवरी ने रायजोर दल के प्रमुख और वर्तमान विधायक अखिल गोगोई को "राजनीतिक रूप से हत्या करने" की बात कही है, जिसके जवाब में अखिल गोगोई ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अखिल गोगोई ने कहा कि कुशल दुवरी के चुनाव मैदान में उतरने से मैं बिल्कुल भी शंकित नहीं हूं। जो व्यक्ति हत्या करने वाला है, उसी के मुंह से हत्या की बात आती है। उन्होंने कुशल दुवरी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि असम के सबसे मुखर विधायक के रूप में वे किसी से नहीं डरते, खासकर ऐसे व्यक्ति से जो अनगिनत हत्याओं के लिए जिम्मेदार माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के निर्णय से आहत होकर एजीपी के स्वाभिमानी सदस्य अब रायजोर दल पार्टी में जॉइन कर रहे हैं। अखिल गोगोई ने इसे शिवसागर सीट से बीजेपी टिकट पर उम्मीदवार मैदान में उतारे जाने को भाजपा द्वारा एजीपी के साथ किया गया "बड़ा विश्वासघात" करार दिया। उन्होंने कहा कि शिवसागर में भाजपा और एजीपी के बीच अलगाव हो गया है, लेकिन हम सभी विपक्षी पार्टी एकजुट हो गए हैं। आज देर शाम शिवसागर के जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे अखिल गोगोई ने जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, बूथ और मंडल स्तर के नेताओं के साथ बैठक की। इसमें शिवसागर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा डिमौ सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार गोगोई, कार्सरवाहक जिलाध्यक्ष लखी संदिकै, उपाध्यक्ष मुस्तफा खान, रायजोर दल के वरिष्ठ नेता रंजीत तामुली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस और रायजोर दल पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्ष की रणनीति पर विस्तृत विचार विमर्श हुआ और विपक्षी एकता को मजबूत करने पर जोर दिया गया। यह घटनाक्रम असम चुनाव में शिवसागर सीट को लेकर जारी सियासी जंग को और तेज कर रहे हैं, जहां अखिल गोगोई, प्रदीप हजारिका और कुशल दुवरी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें