शिवसागर में अखिल गोगोई का जोरदार प्रचार अभियान - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

शिवसागर में अखिल गोगोई का जोरदार प्रचार अभियान



टिकट वंचितों की नाराजगी पर कहा - कांग्रेस गठबंधन में 13 सीटें मिलने पर शीर्ष नेताओं से माफी मांगी


शिवसागर की जनता मुझे ही विजयी बनाएगी - अखिल गोगोई 


एजीपी अध्यक्ष तथा मंत्री अतुल बोरा के खिलाफ कौन होगा बोकाखात से रायजोर दल का उम्मीदवार 


डॉ. अंकीता दत्त और श्रृंखल चालीहा से बातचीत जारी, फैसला होने पर उम्मीदवार घोषित करेंगे - अखिल गोगोई  


मैं असम का सबसे मुखर विधायक हूं, कुशल द्वारियों से ज्यादा लोगों का समर्थन मुझे मिलेगा  


पिछले 5 सालों में शिवसागर के लिए कई प्रोजेक्ट लाए, विकास कार्य किए - जनता सब जानती है  


हिंदू धर्मसभा नामघर में बड़ी संख्या में लोगों ने रायजोर दल में शामिल होकर ली शपथ  


शिवसागर, शिवसागर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। रायजोर दल के अध्यक्ष और वर्तमान विधायक अखिल गोगोई ने अपना चुनावी प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत रायजोर दल को केवल 13 सीटें मिली हैं, जिसके कारण पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट नहीं दिया जा सका। इस पर अखिल गोगोई ने खेद जताते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ मित्रता के अनुसार हमें मात्र तेरह सीटें दी गई हैं। इस कारण हम अपनी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट नहीं दे पाए। धैर्य कुंवर, बाबुल सोनोवाल जैसे हमारे नेताओं को जीतने वाली सीटों से टिकट नहीं मिल सका। इसके लिए मैं उन सभी से क्षमाप्रार्थी हूं। अखिल गोगोई ने शिवसागर से अपनी उम्मीदवारी को लेकर मजबूत दावा किया। उन्होंने आगे कहा कि असम में कुशल दुवरी एक हत्या के आरोपी के रूप में प्रसिद्ध हैं। जबकि मैं असम का सबसे मुखर और सशक्त विधायक हूं। इसलिए जनता मुझे ही अपनाएगी और स्वीकार करेगी। पिछले पांच सालों का जिक्र करते हुए अखिल गोगोई ने दावा किया कि बीते पांच सालों से मैं शिवसागर की जनता के साथ हूं। शिवसागरवासी किसी कुशल दुवरी या पूर्व आमगुड़ी विधायक प्रदीप हजारिका को नहीं अपनाएंगे। मैंने शिवसागर के लिए कई प्रोजेक्ट लाए हैं और ढेर सारे विकास कार्य किए हैं। जनता यह सब जानती है और मुझे ही विजयी बनाएगी। इस बीच बीजेपी की युवा नेता डॉ अंकिता दत्ता और वीर लाचित सेना असम के केंद्रीय प्रशासनिक सचिव श्रृंखल चालीहा के रायजोर दल पार्टी में शामिल होने और उनके चुनाव मैदान में उतरने की अटकलों को लेकर पूछे जाने पर अखिल गोगोई ने मुस्कुराते हुए कहा कि - डॉ. अंकीता दत्त और श्रृंखला चलीहा के साथ हमारी बातचीत चल रही है। लेकिन अभी तक उन्होंने कोई फैसला नहीं लिया है। तकनीकी खामियां दूर कर और कागजी कार्रवाई पूरी होते ही हम उम्मीदवार घोषित करेंगे। उल्लेखनीय है कि रायजोर दल पार्टी के उम्मीदवार के रूप में इन दोनों में से किसी एक को बोकाखात विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार तथा एजीपी अध्यक्ष और केबिनेट मंत्री अतुल बोरा के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारे जाने की चर्चा जोरों पर है। रायजोर दल और कांग्रेस पार्टी के बीच हुए सीट समझौते में बोकाखात सीट रायजोर दल को मिली है। इधर एनडीए समर्थित उम्मीदवार प्रदीप हजारिका के नामांकन दाखिल करने के बाद भी शिवसागर में राजनीतिक परिदृश्य अस्पष्ट बना हुआ है। एनडीए उम्मीदवार के नाम में बार-बार बदलाव की चर्चाएं हैं। इस बीच आज शहर स्थित के हिंदू धर्मसभा नामघर में अखिल गोगोई की मौजूदगी में रायजोर दल की शिवसागर नगर समिति के द्वारा एक बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़े पैमाने पर लोगों ने रायजोर दल पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में अखिल गोगोई ने उपस्थित जनता के सामने पिछले पांच सालों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा पेश किया। शिवसागर सीट पर अखिल गोगोई का प्रचार अभियान जोरों पर है। कांग्रेस-रायजोर दल गठबंधन के तहत वे शिवसागर से मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। एनडीए की ओर से प्रदीप हजारिका पहले से नामांकन दाखिल कर चुके हैं, लेकिन अखिल गोगोई का दावा है कि स्थानीय जनता उनके विकास कार्यों और मुखर छवि के कारण उन्हें ही चुनेंगी। चुनावी सरगर्मियां अब चरम पर पहुंच गई हैं, और सभी की निगाहें अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें