तेजपुर। मारवाड़ी सम्मेलन, तेजपुर शाखा द्वारा दिनांक 07 मार्च 2026 को होटलके आर सी पैलेस, तेजपुर में “रंग उमंग उत्सव” (मिलन समारोह) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा , मंडलीय उपाध्यक्ष निलेश अग्रवाल,संगठन मंत्री मनोज काला, शाखा अध्यक्ष सुनील सराफ, शाखा सचिव प्रेम झंवर सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यक्रम संयोजक राजीव जैन ने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने तथा समाज के प्रतिभाशाली एवं सेवाभावी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का एक सशक्त माध्यम हैं।
इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, तेजपुर शाखा के अध्यक्ष सुनील सराफ ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का हार्दिक अभिनंदन किया। अन्य शाखाओं से पधारे सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया
उन्होंने कहा कि समाज में अनेक ऐसे व्यक्तित्व हैं जो विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य कर समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे समर्पित और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का सम्मान करना केवल उनका गौरव बढ़ाना ही नहीं, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को भी प्रेरणा देना है। इसी उद्देश्य से इस कार्यक्रम में सामाजिक सेवा, चिकित्सा, साहित्य, संगीत, खेल तथा अन्य सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जा रहा है।
इस अवसर पर विशेष समाज गौरव सम्मान के अंतर्गत जोरहाट के ओम प्रकाश गट्टानी को सम्मानित किया गया, जबकि रतन शर्मा की अनुपस्थिति में यह सम्मान उनके सुपुत्र देव शर्मा ने प्राप्त किया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों में सामाजिक सेवा – जीव दया के लिए विनोद बगड़िया , मुक्ति धाम सेवा के लिए गोकुल अग्रवाल
अंत्येष्टि सेवा के लिए रामजी देवड़ा तथा रक्तदान – महादान के क्षेत्र में योगदान हेतु कमल महेश्वरी एवं राकेश सोनी को सम्मानित किया गया।
साहित्यिक रचना के क्षेत्र में श्रीमती ऊषा किरण टिबरेवाल, संगीत क्षेत्र में धर्मेंद्र बोथरा एवं कुमार रुद्र गौड़, तथा चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में डॉ. करण सराफ को सम्मान प्रदान किया गया।
इसी क्रम में खेल प्रतिभा प्रोत्साहन सम्मान के अंतर्गत युवा खिलाड़ियों कुमार चेतन पारीक, कुमार हार्दिक पांडिया, कुमारी दिविशा लोहिया एवं कुमार औरव खेतावत को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
साथ ही “तेजपुर गौरव सम्मान” के लिए ओम प्रकाश बगड़िया के नाम की घोषणा की गई। समाज सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा वर्षों से किए जा रहे निस्वार्थ, समर्पित एवं प्रेरणादायी कार्यों की सराहना करते हुए उनकी अनुपस्थिति में भी मंच से उनके योगदान का उल्लेख कर इस सम्मान की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा निर्मित छात्रावास प्रकल्प हेतु मारवाड़ी सम्मेलन, तेजपुर शाखा की ओर से ₹5,00,000 की सहयोग राशि का हस्तांतरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध एंकर एवं कलाकार महेंद्र गौड़ द्वारा अत्यंत रोचक, प्रभावशाली एवं गरिमामय शैली में किया गया। उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी लोकगीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। उपस्थित समाजबंधुओं ने उनके शानदार संचालन और कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्था की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में सह सचिव श्री जुगल पांडिया द्वारा आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात सभी समाजबंधुओं ने आपसी मिलन एवं स्नेहभोज का आनंद लिया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें