अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, शिवसागर शाखा ने धूमधाम से मनाया गणगौर पर्व : परंपरागत उत्साह और भक्ति के साथ महिलाओं ने की गणगौर माता की पूजा एवं विसर्जन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, शिवसागर शाखा ने धूमधाम से मनाया गणगौर पर्व : परंपरागत उत्साह और भक्ति के साथ महिलाओं ने की गणगौर माता की पूजा एवं विसर्जन



शिवसागर, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की शिवसागर शाखा ने इस वर्ष भी कई वर्षों की भांति ही मारवाड़ी पट्टी स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में महिलाओं के लिए सामूहिक गणगौर पूजन की भव्य व्यवस्था की। यह राजस्थानी परंपरा से जुड़ा प्रमुख त्योहार है, जिसमें विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु एवं सुख-शांति की कामना करती हैं, जबकि कुंवारी कन्याएं मनचाहा वर प्राप्ति की प्रार्थना करती हैं। गणगौर पर्व चैत्र शुक्ल तृतीया को मनाया जाता है, जो भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का प्रतीक है। कार्यक्रम के पहले दिन शाखा की सदस्याओं एवं सहयोगियों ने मिलकर ठाकुरबाड़ी को अत्यंत सुंदर ढंग से सजाया। सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण किए, आपस में मेहंदी लगाई, गणगौर माता के सुंदर-सुंदर पारंपरिक लोकगीत गाए और परंपरागत नृत्य प्रस्तुत करते हुए गणगौर का बनोरा निकाला। इसके अलावा जलपान की भी उचित व्यवस्था की गई। जिससे कि वातावरण में उत्साह और भक्ति का संगम दिखाई दिया। शनिवार को सुबह 6:00 बजे से सामूहिक गणगौर पूजन का कार्यक्रम विधिवत् प्रारंभ हुआ। जिसमें समाज की महिलाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया और गणगौर माता की पूजा-अर्चना की। दोपहर 3:00 बजे ठाकुरबाड़ी परिसर के समीप थाना पट्टी के दिखौ नदी के पक्का घाट पर गणगौर माता का विसर्जन समारोह आयोजित किया गया। शाखा की सभी सदस्याओं ने मिलकर विधि-विधान से गणगौर माता का विसर्जन किया। कार्यक्रम के समापन पर शाखाध्यक्षा सुमन शर्मा एवं सचिव श्वेता अग्रवाल ने सभी बहनों को गणगौर एवं नवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणगौर माता सभी पर अपना कृपा-आशीर्वाद बनाए रखें और सबको जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि प्रदान करें। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी सदस्याओं, सहयोगियों एवं समाजजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कृष्णा खेमका, रेखा बुखरेडिया, सारिका देवड़ा, प्रीति शर्मा, ज्योति डालमिया, अंशु शर्मा, पायल अग्रवाल, अनीता देवड़ा, रेखा जोशी, कविता शर्मा स्वाति बुखरेडिया सहित सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह जानकारी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा की जनसंपर्क अधिकारी कंचन रामूका द्वारा दी गई है। शिवसागर में मारवाड़ी समुदाय की महिलाओं द्वारा इस प्रकार अपनी परंपराओं को जीवंत रखना समाज में सांस्कृतिक एकता एवं भक्ति भावना को मजबूत करता है। गणगौर पर्व की यह उत्सवपूर्ण छटा देखकर सभी श्रद्धालु अभिभूत हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें