मारवाड़ी हॉस्पिटल्स द्वारा लोगो व बैज का अनावरण
ऐतिहासिक उपलब्धि को भव्य रूप देने की तैयारी
गुवाहाटी, समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली प्रतिष्ठित संस्था श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय आगामी 16 मई को अपना 110वां स्थापना दिवस अत्यंत धूमधाम और गरिमा के साथ मनाने जा रही है। इस महत्वपूर्ण अवसर को ऐतिहासिक रूप देने के लिए संस्था द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
यह निर्णय हाल ही में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जिसमें सभी दानदाताओं एवं सदस्यों ने सुझाव दिए कि समारोह में संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक की गौरवशाली यात्रा को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी को इसकी विरासत और सेवा भाव से परिचित कराया जा सके।
इस विशेष अवसर पर मारवाड़ी हॉस्पिटल्स (अंतर्गत श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय) के तत्वावधान में आगामी 16 माई को माछखोवा स्थित प्रागज्योतिष आईटीए सेंटर में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के सभी समुदाय, गणमान्य व्यक्तियों, दानदाताओं, चिकित्सकों और आम नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है।
इसी कड़ी में गुरुवार को 110वें स्थापना वर्ष के प्रतीक के रूप में लोगो (प्रतीक चिह्न) और बैज का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर मारवाड़ी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष शरत् जैन, सचिव किशोर साबू, डीएमएस जयंत कुमार शर्मा, अस्पताल अधीक्षक रोहित उपाध्याय, तथा कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप भुवालका, संजय संथोलिया, मनीष अग्रवाल, विवेक सांगानेरिया और प्रेरणा अग्रवाल उपस्थित रहे।
इस मौके पर अध्यक्ष शरत् जैन ने कहा कि, "110 वर्षों की यह यात्रा समाज सेवा की एक प्रेरणादायक कहानी है। हमारे पूर्वजों द्वारा लगाया गया यह सेवा का पौधा आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। हम चाहते हैं कि इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए समाज के अधिक से अधिक लोग इस समारोह में शामिल हों।"
वहीं, सचिव किशोर साबू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि को जन-उत्सव का रूप देने के उद्देश्य से संस्था द्वारा 110 प्रकार की निःशुल्क सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिलेगा।
इसी पहल के तहत 3 मई को आठगांव स्थित मारवाड़ी हॉस्पिटल्स परिसर में एक निःशुल्क कार्डियोलॉजी ओपीडी शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आदित्य भास्कर मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श देंगे।
उल्लेखनीय है कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए अस्पताल प्रबंधन, कार्यकारिणी सदस्य आदि जुटे हुए हैं। यह समारोह न केवल संस्था के गौरवशाली इतिहास को दर्शाएगा, बल्कि समाज सेवा के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को भी और मजबूत करेगा।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें