रमेश मुन्दडा
होजाई: असम ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन का 24वां स्थापना दिवस 10 अप्रैल को होजाई जिले के ज्येष्ठ नागरिकों ने धूमधाम से मनाया। इस दिन सुबह 9 बजे सम्मेलन का ध्वज फहराने और श्रद्धांजलि अर्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दोपहर 3 बजे से होजाई साहित्य सभा भवन में होजाई सदर ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ डेका की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता, असम ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन के प्रचार एवं जनसंपर्क सचिव संपादक अनुप कुमार बरठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में ज्येष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए तरसना पड़ रहा है, जो देश के लिए लज्जाजनक है।जीवन के अधिकांश समय देश की प्रगति, शिक्षा, कृषि, उद्योग के क्षेत्र में योगदान देने के साथ-साथ सामाजिक-सांस्कृतिक विकास में भी कार्य करने के बाद जीवन के उत्तरार्ध में अपनी मामूली जरूरतों को पूरा करने के लिए दूसरों का मुंह ताकना पड़ता है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले इन ज्येष्ठ जनों को सरकार द्वारा मात्र 400 रुपये की सहायता प्रदान करना ज्येष्ठों के प्रति सरकार की उपेक्षा और लापरवाही का चरम उदाहरण है, ऐसा उन्होंने कहा। वक्ताओं ने पूर्व में ज्येष्ठ नागरिकों को यात्रा में दी जाने वाली छूट की व्यवस्था को भी अब समाप्त कर ज्येष्ठों के प्रति उपेक्षा का भाव प्रकट किया। चिकित्सा के क्षेत्र में भी सरकार की कोई ठोस पहल न होने से उसकी आंतरिकता की कमी स्पष्ट झलक रही है। श्री बरठाकुर ने आदर्श एवं सुसंस्कृत समाज निर्माण में ज्येष्ठों की पर्याप्त भूमिका होने का उल्लेख करते हुए 60 वर्ष के बाद आने वाली मृत्यु की प्रतीक्षा न कर जीवन को उज्ज्वल बनाने के लिए आगे बढ़ने का आह्वान किया।सभा में स्थानीय अशितिपूर समाज संगठक, अवकाश प्राप्त शिक्षक डंबरुधर बराक को होजाई सदर ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन की ओर से शाल, जापी, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एक अन्य कार्यक्रम में होजाई ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन के एक सक्रिय सदस्य, सु-लेखक कुशेश्वर मुदई के तीन पुस्तकों का विमोचन किया गया। लेखक की ‘गुरु रत्नाकर’ पुस्तक का विमोचन मुख्य वक्ता अनुप कुमार बरठाकुर ने किया। ‘जम्बुद्वीप के मानिस’ पुस्तक का विमोचन लेखक डॉ. शमशुल हक ने तथा ‘पुण्यभूमि असम’ नामक पुस्तक का विमोचन होजाई सदर ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन के कार्यकारी अध्यक्ष दयाल चंद्र क्रो ने किया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें