प्रीति पारीक, शिवसागर :
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा के अंतर्गत गठित नवशक्ति सृजन शाखा ने असमिया समाज जीवन के सबसे बड़े उत्सव रंगाली बिहू के इस पावन और खुशियों भरे अवसर पर जयसागर स्थित शिवसागर सीनियर सिटीजंस होम में एक अत्यंत भावुक और हृदयस्पर्शी सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया। नवशक्ति सृजन शाखा द्वारा इस कार्यक्रम में समाजसेवा की मिसाल देते हुए बुजुर्गों के प्रति गहरी संवेदना और अपार प्यार का प्रदर्शन करते हुए उनके जीवन में रंगाली के रंग भरने का प्रयास किया गया। जिससे कि इस दौरान पूरा माहौल भावुक, हृदयस्पर्शी और भावपूर्ण हो गया। इस कार्यक्रम के तहत नवशक्ति सृजन शाखा की सदस्याओं ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का पालन करते हुए वृद्धाश्रम में रहने वाले मासूम और असहाय बुजुर्गों के बीच ताज़ा फल वितरित किए तथा उनके दैनिक जीवन को थोड़ा आसान बनाने के लिए एक मिक्सर ग्राइंडर भी भेंट किया। इस अवसर पर नवशक्ति सृजन शाखा ने ग्राम विकास परिषद द्वारा संचालित निराश्रित बुजुर्गों के बसेरे में रहने वाले 11 महिला और 9 पुरुषों सहित सभी 20 बुजुर्गों तथा इसके संचालक एवं सेवादारों को पारंपरिक असमिया रीति-रिवाज के अनुसार प्यार और सम्मान के साथ फूलाम गामुछा पहनाकर उनका आशीर्वाद लिया। इस परंपरा ने पूरे वातावरण को और भी आत्मीय, स्नेहिल और सांस्कृतिक गरिमा से भर दिया। बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और आँखों में नमक की बूँदें देखकर हर किसी का हृदय पिघल गया। जागरूक महिलाओं की इस छोटी-सी पहल से अपनों से बिछोह की पीड़ा झेल रहे बुजुर्गों की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। क्योंकि बिहू के अवसर पर किसी ने उनके लिए सोचा, उन्हें याद किया और उनके जीवन में थोड़ी सुविधा व खुशी लाने का प्रयास किया। यह उनके रिक्तता भरे जीवन में खुशियां बिखेरने वाली एक बहुत बड़ी बात थी। कार्यक्रम में नवशक्ति सृजन की शाखाध्यक्षा रितिका डालमिया तथा कोषाध्यक्ष रजनी अग्रवाल सहित समर्पित सदस्याओं प्रिया देवड़ा, नेहा अग्रवाल, रश्मि खंडेलिया तथा सोनम अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने पूरे मन से इस भावुक कार्यक्रम को सफल बनाने में अथक प्रयास और सक्रिय सहयोग दिया और बुजुर्गों के दिल से निकली दुआएं और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आयोजन में सेवा की पवित्र भावना, सम्मान का गहरा भाव और संस्कृति का सुंदर समन्वय देखकर हर कोई भावुक हो गया। कार्यक्रम ने समाज में बुजुर्गों के प्रति गहरी संवेदनशीलता, असीम सम्मान और स्नेहपूर्ण सहयोग की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने मिलकर बिहू की हार्दिक शुभकामनाएँ साझा कीं। बुजुर्गों को देखकर कई सदस्यों की आँखें नम हो गईं। सभी ने संकल्प लिया कि ऐसे प्यार भरे और सेवा भाव से ओत-प्रोत कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रखे जाएंगे। ग्राम विकास परिषद के जिला कोर्डिनेटर तथा सीनियर सिटीजंस होम के अधीक्षक अनीश इब्ने हक टिंकू ने मारवाड़ी महिला सम्मेलन नवशक्ति सृजन शाखा की इस मानवीय पहल की सराहना की। यह जानकारी नवशक्ति सृजन शाखा की जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती सोनम अग्रवाल द्वारा दी गई।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें