मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा का शपथ ग्रहण समारोह हुआ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा का शपथ ग्रहण समारोह हुआ





सक्रिय योगदान के लिए अध्यक्षीय पुरस्कार वितरित 


सत्र 2026-2028 के लिए अध्यक्षा सारिका देवड़ा एवं सचिव प्रीति केजरीवाल ने कार्यभार संभाला 


प्रीति पारीक, शिवसागर : 


देश के वृहत्तर मारवाड़ी समाज की महिलाओं की राष्ट्रीय स्तर की प्रतिनिधि संस्था अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा के आगामी सत्र 2026-2028 का अध्यक्षीय पुरस्कार वितरण एवं शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को शहर के होटल स्काईशेफ में आयोजित हुआ। स्थापना के रजत जयंती के द्वार पर दस्तक दे रही मामस शिवसागर शाखा बागडोर आगंतुक द्विवार्षिक कार्यकाल के लिए शहर की अनेकों सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़ी शाखा की सक्रिय कार्यकर्ता, सुदक्ष, कुशल, कर्मठ महिला संगठक तथा अनुभवी चेहरे सारिका देवड़ा को सौंपी गई है। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व प्रांतीय अध्यक्षा श्रीमती कांता गाड़ोदिया सहित प्रांत के जोन 2 की निवर्तमान प्रमुख रेखा बुखरेड़िया, शाखाध्यक्ष सुमन शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। असम के जातीय संगीत और स्वाति बुखरेड़िया द्वारा गणेश वंदना के उपरांत ओंकार एवं प्रार्थना के साथ संयुक्त कार्यक्रम संयोजिका अंशु शर्मा एवं रचना अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया। सुमन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित "साथ चलें तो राहें बनती हैं, साथ बढ़ें तो पहचान बनती है" शीर्षक समारोह में अतिथियों के स्वागत अभिनंदन के साथ प्रीति केजरीवाल ने मुख्य अतिथि का जीवन परिचय दिया। सचिव श्वेता अग्रवाल ने विस्तृत वार्षिक रिपोर्ट और कोषाध्यक्ष विनीता साहेवाला ने आय व्यय का हिसाब दिया। मुख्य अतिथि कांता गाड़ोदिया ने अपने सारगर्भित संबोधन में मारवाड़ी महिला सम्मेलन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए सदस्याओं से संकल्पित होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से शाखा गतिविधियों में रचनात्मक रूप से सहयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने शाखा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति को बधाई देते हुए कहा कि पदाधिकारियों को सहयोग मिलने से उन्हें काम करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। रेखा बुखरेड़िया ने अपने संबोधन में महिला सम्मेलन को और अधिक गतिशील बनाने पर बल दिया। समारोह में मामस शिवसागर सृजन शाखा की अध्यक्षा रितिका डालमिया सहित सदस्याएं उपस्थित थी। इस अवसर पर विदाई शाखाध्यक्षा सुमन शर्मा ने 2024 - 26 के अपने कार्यकाल के लिए अध्यक्षीय पुरस्कार वितरण किए। अनोखे अंदाज में वितरित किए गए पुरस्कारों की कड़ी में श्वेता अग्रवाल को अद्वितीय सचिव, विनीता साहेवाला को समर्पित एवं निष्ठावान कोषाध्यक्ष, कंचन रामुका को कुशल मीडिया समन्वयक, कृष्णा खेमका को पूर्ण समर्थन के लिए और उत्कृष्ट योगदान में संगीता अग्रवाल को जीव सेवा, सारिका देवड़ा को निर्मल नीर और रेखा बुखरेड़िया को पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार सत्र में विशेष योगदान के लिए संध्या खेमका, सरोज चौखानी, मधु लाहोटी एवं उर्मिला अग्रवाल को पुरस्कार प्रदान किया गया। सराहनीय योगदान के लिए सह सचिव स्वाति बुखरेड़िया, महिला सशक्तिकरण के लिए प्रीति केजरीवाल एवं सरोज अग्रवाल, तकनीकी कौशल के लिए ज्योति डालमिया, शाखा के सृजनात्मक सितारा के लिए कविता अग्रवाल, नवान्ह पारायण पाठ के उत्कृष्ट धार्मिक कार्य एवं उभरती संचालिका के लिए सरिता सराफ, बाल विकास के लिए रेणु अग्रवाल एवं किरण अग्रवाल, नेत्र चिकित्सा शिविर के लिए अंजना अग्रवाल, पर्यावरण संरक्षण के लिए अर्चना पौद्दार, हिन्दी दिवस के लिए रचना अग्रवाल, अरुणा खेमानी, सर्वाधिक ऊर्जा और उत्साह के लिए अनु शर्मा, कुशल संपादिका मीनल हरलालका एवं सह संपादिका मौसम खंडेलिया, सावन मेला के लिए तारा अग्रवाल एवं अनीता बंसल, गणगौर उत्सव के लिए प्रीति शर्मा तथा नालंदा पुस्तकालय के लिए पायल अग्रवाल को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही स्नेह और सौहार्द की प्रतीक के रूप में शाखा की वरिष्ठ सदस्याओं पान्ना देवी बुखरेड़िया, ललिता मित्तल एवं सुलोचना पंसारी को स्वीकृत देते हुए पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विदाई शाखाध्यक्षा ने अंशु शर्मा, पिंकी फोगला, प्रियंका छावछरिया, रितु खंडेलिया, शोभा जैन, सुषमा झुरिया, रेखा जोशी एवं भगवती बागड़ी को अपने दो सालों के कार्यकाल में सहयोग हेतु विशेष धन्यवाद दिया। सभी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि मामस शिवसागर शाखा की वार्षिक साधारण सभा में सर्वसम्मति से सारिका देवड़ा को अध्यक्षा निर्वाचित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्षा को शाखा कार्यकारिणी समिति का विस्तार करने के लिए अधिकृत किया गया था। नवनिर्वाचित शाखाध्यक्षा सारिका देवड़ा ने अपनी नई टीम की घोषणा कर दी है। नई टीम में श्वेता अग्रवाल को उपाध्यक्ष, संगीता झुरिया को कोषाध्यक्ष और प्रीति केजरीवाल को सचिव पद का दायित्व सौंपा गया है। वहीं पायल अग्रवाल को जनसंपर्क अधिकारी एवं तकनीकी प्रमुख, अंशु शर्मा को महिला सशक्तिकरण, रेणु अग्रवाल एवं निधी जैन को बाल विकास, रचना अग्रवाल को रक्तदान एवं अंगदान प्रमुख, कविता अग्रवाल एवं स्वाति बुखरेडिया को पर्यावरण प्रमुख, पिंकी फोगला एवं किरण अग्रवाल (केडी) को संस्कार संस्कृति प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है। सारिका देवड़ा इससे पहले शाखा सचिव पद की जिम्मेदारी निभाने के साथ ही सत्र 2020 - 20 में शाखाध्यक्षा पद की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। इस बार दूसरे कार्यकाल के लिए उन्हें शाखा का नेतृत्व करने का अवसर प्रदान किया गया है। मुख्य अतिथि कांता गाड़ोदिया द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्षा सारिका देवड़ा के नेतृत्व में नवगठित कार्यकारिणी समिति और पदाधिकारियों की नई टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद ही नए नेतृत्व को कार्यभार हस्तांतरण की औपचारिकता पूरी की गई। इस अवसर पर एक धार्मिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। बीते सत्र में शिवसागर शाखा द्वारा मामस के लक्ष्य एवं उद्देश्यों के आधार पर घोषित स्थाई राष्ट्रीय एवं प्रतियां कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन करने के साथ ही अनेक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए थे। नव ऊर्जा से भरी युवा पीढ़ी की इन सभी महिला नेत्रियों के कुशल नेतृत्व में मारवाड़ी महिला सम्मेलन की शिवसागर शाखा नए सत्र में महिला सम्मेलन के लक्ष्य और उद्देश्य के अनुरूप कार्य कर शाखा को संगठनात्मक और सेवाकार्य प्रकल्पों के जरिए नई उंचाइयों के शिखर तक पहुंचाएगी यह निश्चित है। गौरतलब है कि अपने स्थापना काल से ही अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंच के पांच मुख्य लक्ष्य एवं उद्देश्यों के तहत जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण, बाल विकास, नारी सशक्तिकरण, सामुहिक विवाह, जन जागरण, नेत्रदान रक्तदान देहदान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान आदि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा ने विदाई शाखाध्यक्षा सुमन शर्मा एवं सचिव श्वेता अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में अपने विगत द्विवार्षिक कार्यकाल के दौरान अनेकों कार्य किये थे। इस अवसर पर नवनिर्वाचित शाखाध्यक्षा सारिका देवड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की सक्रिय संस्था अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन से जुड़ी होने के साथ ही अब शाखा स्तर पर सचिव और अध्यक्षा पद पर कार्य कर चुकी हैं। एक बार फिर से शाखा सदस्याओं ने मुझपर विश्वास जताते हुए शाखाध्यक्षा के रूप में नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मुझे सौंपा जाना निश्चित तौर पर मेरे लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नारी वह शक्ति है, जिसके बल पर सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि पूरा संसार टिका हुआ है। सन 1983 में स्थापित अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन विगत चार दशकों से समाज की धुरी मातृशक्ति को सशक्त बनाने एवं नई दिशा प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाता आ रहा है। मारवाड़ी महिला सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज की नारी शक्ति को संगठित कर महिलाओं का सर्वांगीण विकास और सामाजिक कुरीतियों को जड़ से निर्मूल करना है। इस लक्ष्य और उद्देश्य के साथ देश भर में फैली शाखाओं के जरिये महिला सशक्तिकरण के साथ ही जनसेवा कार्य पूरी तन्मयता के साथ किये जा रहे हैं। लगातार सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विकास के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इससे संस्था को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि अगले दो साल के लिए शाखा की सदस्याओं ने मुझ पर विश्वास जताया है परंतु शाखा की मेरी सभी बहनें संस्था को ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम हैं। आज आधुनिक युग की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए नित्य नए मुकाम हासिल कर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं। स्वाति बुखरेड़िया द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें