विकास कार्यों का विस्तृत उल्लेख करते हुए कांग्रेस शासनकाल पर भी उठाए सवाल
लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट
लखीमपुर 7 अप्रैल 2026:
आगामी 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर 76 नंबर लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल की प्रचार सभा अंतिम दौर में पहुंच गई है। चुनाव आयोग द्वारा 7 अप्रैल से चुनाव प्रचार पर रोक लागू होने से पूर्व मंगलवार की शाम स्थानीय श्री श्री सीतारामजी ठाकुरवाड़ी मंदिर प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार एवं वर्तमान विधायक मानव डेका ने चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा लखीमपुर मारवाड़ी समाज के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण सभा में भाग लेकर अपने कार्यकाल के विकास कार्यों, भविष्य की योजनाओं तथा विपक्ष पर प्रतिक्रिया रखते हुए अपना पक्ष रखा। सभा में व्यापारिक समुदाय, समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभा प्रारंभ होने से पूर्व भाजपा प्रत्याशी मानव डेका के साथ साथ छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, लखीमपुर के सांसद प्रधान बरुआ, लखीमपुर जिला भाजपा अध्यक्ष श्यामल शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रशांत बरुआ , पौरसभा अध्यक्षा कृष्णा धर सेन, विधायक डेका की पत्नी राजश्री डेका सहित दलीय कार्यकर्ताओं ने एक साथ स्थानीय श्री श्री सीतारामजी ठाकुरवाड़ी मंदिर में प्राणप्रतिष्ठित भगवान श्री सीताराम जी के समक्ष नतमस्तक होकर पूजा-अर्चना की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात समाजसेवी गोपाल राठी (भगतजी), ठाकुरवाड़ी अध्यक्ष जगदीश बजाज, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष रामेश्वर तापड़िया तथा रामगोपाल मालपानी (एमएचएस) ने असमिया फूलाम गमछा भेंट कर भाजपा प्रत्याशी मानव डेका का अभिनंदन किया। सभा को संबोधित करते हुए मानव डेका ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में किस प्रकार अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी और विभिन्न क्षेत्रों में किस प्रकार से बड़े स्तर पर योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में लगभग 3000 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं क्षेत्र में लागू की गईं, जिनमें ऑडिटोरियम, कन्वेंशन सेंटर, अत्याधुनिक स्टेडियम, शहरी विकास परियोजनाएं, स्वच्छता अभियान, पुस्तकालय का आधुनिकीकरण तथा अन्य जनसुविधाओं का विस्तार शामिल है। उन्होंने कहा कि दशकों से जर्जर अवस्था में पड़े जिला पुस्तकालय का नवीनीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिला है। उन्होंने नगर क्षेत्र में बदबूदार डंपिंग ग्राउंड से कचरे का निष्कासन कर भविष्य में अत्याधुनिक पार्क निर्माण की योजना का भी उल्लेख किया। साथ ही शहर में प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुधार, यातायात व्यवस्था तथा नगर के समग्र विकास के लिए तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान का भी जिक्र किया। स्वास्थ्य सुविधाओं के संदर्भ में उन्होंने सुपरस्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज तथा चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद स्थानीय नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने शहर में प्रस्तावित टाउन ड्रेनेज सिस्टम, यातायात सुधार तथा व्यापारिक माहौल को मजबूत करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी मानव डेका ने कांग्रेस प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को लेकर विपक्ष द्वारा प्रश्न उठाए जा रहे हैं, जबकि विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि विकास कार्यों का विवरण चाहिए तो उसका पूरा लेखा-जोखा उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कई सभाओं में इन कार्यों की जानकारी दी जा चुकी है और आवश्यकता पड़ने पर फिर से दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व शासनकाल पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उस समय विकास कार्यों की गति अपेक्षाकृत धीमी थी और विभिन्न योजनाओं में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व के दौर में भ्रष्टाचार और संसाधनों के असमान वितरण की शिकायतें सामने आती थीं, जबकि वर्तमान में सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में नगर विकास से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता रखने का प्रयास किया गया है और योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा आगे उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व में नौकरी और विकास के नाम पर जनता को आश्वासन दिए जाते थे, जबकि वर्तमान में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा व्यापारियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य जारी है। सभा के दौरान उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्ण मतदान में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र के विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए जनता के सहयोग पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने तथा शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की अपील की। सभा का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 7 अप्रैल की शाम 5:00 बजे से चुनाव प्रचार पर रोक लागू हो चुकी है। अब सभी दलों का ध्यान 9 अप्रैल को होने वाले मतदान पर केंद्रित है तथा प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें