पैरा-साइकिलिस्ट और राज्य SVEEP आइकन राकेश बनिक ने किया नेतृत्व : जिला आयुक्त मृदुल यादव ने किया फ्लैग ऑफ
प्रीति पारीक, शिवसागर :
असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आगामी 9 अप्रैल 2026 को मतदान को देखते हुए शिवसागर जिला प्रशासन के सौजन्य और प्रणालीबद्ध मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता (स्वीप) कोष के सहयोग से आज रैली ऑन व्हील्स का आयोजन किया गया। शिवसागर जिला आयुक्त कार्यालय के परिसर से शुरू हुई यह रैली ऐतिहासिक तालाब तट से होते हुए शिवसागर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। रैली का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाना, चुनाव में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना और एक मजबूत लोकतंत्र की नींव रखना था। जिला आयुक्त तथा जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल यादव ने औपचारिक रूप से फ्लैग ऑफ करके रैली का शुभारंभ किया। रैली में पैरा-साइकिलिस्ट और राज्य SVEEP आइकन राकेश बनिक ने साइकिल चलाते हुए इस जागरूकता रैली का नेतृत्व किया। रैली के आरंभ में जिला आयुक्त मृदुल यादव ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें उत्साहित किया और कहा कि मतदाता जागरूकता ही स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती है। वहीं राज्य SVEEP आइकन राकेश बनिक ने अपने संबोधन में सभी मतदाताओं से अपील की कि वे आगामी 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में सचेत, जिम्मेदार और स्वैच्छिक रूप से आगे आकर मतदान प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने कहा कि हर एक वोट लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाता है। प्रख्यात पैरा-साइकिलिस्ट हैं और दिव्यांगों के लिए राज्य स्तरीय आइकन राकेश बनिक अपनी साइकिल यात्रा के माध्यम से पूरे जिले में लगातार वोटर जागरूकता का कार्य जारी रख रहे हैं। इस रैली के दौरान साईकिल, स्कूटी और बाइक सवार स्थानीय नागरिकों, युवाओं और विभिन्न संगठनों ने भरपूर उत्साह दिखाया। लोगों की सक्रिय भागीदारी और समर्थन ने इस रैली को और अधिक अर्थपूर्ण तथा सफल बना दिया। रैली के फ्लैग ऑफ समारोह में नाजिरा की सहजिला आयुक्त तथा स्वीप की नोडल अधिकारी प्रतिभा मेश्राम, सहायक आयुक्त चंदना जाह्नवी एवं विदिशा सैकिया, शिवसागर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी देवब्रत शर्मा सहित जिला प्रशासन, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, चुकाफा राइडर्स क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिभागी भी मौजूद थे। गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आगामी 9 अप्रैल को एक चरण में होने वाले मतदान के लिए चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पूरे राज्य में स्वीप कोष की गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। शिवसागर जिले में रैली ऑन व्हील्स जैसी रचनात्मक पहल मतदाता जागरूकता को नया आयाम दे रही है। यह रैली न केवल वोट देने के महत्व को रेखांकित करती है, बल्कि दिव्यांगों और युवाओं को भी चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने का एक बेहतरीन उदाहरण है।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें