गुवाहाटी, टैक्स बार एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जीएसटी भवन, गुवाहाटी मे जीएसटी अपीलीय अधिकरण गुवाहाटी पीठ के उपाध्यक्ष से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए पंकज खंडेलिया ने किया, जिनके साथ एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। सदस्यों ने उपाध्यक्ष को पारंपरिक असमिया फुलाम गमोसा एवं जापी भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें अवगत कराया कि एसोसिएशन मे चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कंपनी सेक्रेटरी, कॉस्ट अकाउंटेंट्स, अधिवक्ता एवं कर व्यवसायी शामिल है तथा यह संस्था लगभग पाँच दशकों से पेशेवर समाज की सेवा कर रही है।
एसोसिएशन के सचिव सीएस चंद्र शेखर शर्मा ने उपाध्यक्ष को एसोसिएशन की गतिविधियो के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि आगामी वर्ष मे एसोसिएशन अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश करने जा रही है।
इनडायरेक्ट टैक्स कमेटी के अध्यक्ष सीए मनोज नाहटा ने जीएसटीएटी पोर्टल पर अपील दायर करने में करदाताओं एवं कर पेशेवरों द्वारा सामना की जा रही विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों को रेखांकित करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया। उपाध्यक्ष ने उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि प्रारंभिक चरण में जीएसटीएटी की रजिस्ट्री छोटी-मोटी त्रुटियों के प्रति उदार दृष्टिकोण अपनाएगी तथा ऐसी त्रुटियों के कारण अपीलों को अस्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जीएसटीएटी, गुवाहाटी पीठ अपील दाखिल करने में करदाताओं एवं कर पेशेवरों को सहायता प्रदान करने हेतु हेल्प डेस्क एवं समर्पित ऑनलाइन सहायता उप उपलब्ध कराएगी। साथ ही व्यापार, उद्योग एवं कर पेशेवरों के हित में शीघ्र ही जीएसटीएटी अपील दाखिल करने संबंधी एक वेबिनार आयोजित किए जाने की संभावना भी व्यक्त की गई।
जीएसटीएटी अपीलों तथा अंतरिम आवेदन / अपीलों के लिए फाइलिंग शुल्क के युक्तिकरण का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया, जिस पर सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ।
एसोसिएशन के सदस्यों ने जीएसटीएटी नियमो एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं से संबंधित विभिन्न प्रावधानो पर भी स्पष्टीकरण प्राप्त किया, जिनका माननीय उपाध्यक्ष द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। रजिस्ट्री ने भी आश्वासन दिया कि छोटी-मोटी त्रुटियों के कारण कोई अपील अस्वीकार नही की जाएगी तथा नोटिस एवं कॉज लिस्ट समय पर टैक्स बार एसोसिएशन को उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने सीजीएसटी, गुवाहाटी ज़ोन के मुख्य आयुक्त तथा सीजीएसटी, गुवाहाटी के प्रधान आयुक्त से भी मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों, विशेष रूप से वास्तविक प्राप्तकर्ताओं को इनपुट टैक्स क्रेडिट से वंचित किए जाने संबंधी समस्याओं को उजागर करते हुए एक पृथक ज्ञापन सौंपा। दोनों अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत मुद्दों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान हेत ईमानदार प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें