एचपीवी वैक्सीन को लेकर नगांव जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

एचपीवी वैक्सीन को लेकर नगांव जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक

 


14-15 वर्ष की सभी किशोरियों से निःसंकोच टीका लेने की जिला आयुक्त की अपील 


पूजा माहेश्वरी

नगांव, महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के लिए दिए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की समीक्षा के उद्देश्य से वृहस्पतिवार को नगांव के जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के प्रत्येक खंड की कार्य दक्षता पर चर्चा की गई। जिन ब्लॉकों ने अच्छा प्रदर्शन किया है उनकी सफलता के साथ-साथ कमजोर प्रदर्शन वाले ब्लॉकों की समस्याओं की भी समीक्षा की गई। जिला आयुक्त ने छात्राओं, विद्यालयों के शिक्षकों तथा अभिभावकों के बीच इस टीकाकरण के सकारात्मक प्रभाव को लेकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अभियान के शेष दिनों के लिए ब्लॉकवार दैनिक लक्ष्य निर्धारित किए गए। निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

जिला आयुक्त ने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और कैंसर प्रभावित राज्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कुछ भ्रामक प्रचार के कारण किशोरियां इस महत्वपूर्ण टीके से वंचित न रहें, इसके लिए व्यापक और सही जनजागरूकता अभियान चलाना जरूरी है। जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त आयुक्त (स्वास्थ्य) कमलजीत शर्मा, संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक, जिला टीकाकरण अधिकारी, विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, नगांव मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सभी उपखंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, ब्लॉक टीमों के सदस्य, डीसीएम, यूएनडीपी के समन्वयक तथा अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की संभावना को रोकने में सहायक यह टीकाकरण कार्यक्रम विश्व स्वास्थ्य संगठन की निगरानी में असम में आगामी 30 जून तक जारी रहेगा।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा ने जानकारी दी कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों, मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। छात्राओं और अभिभावकों से इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें